Bihar News: बेटे की शादी से पहले पिता की मौत, शादी का कार्ड बांटने के दौरान सड़क हादसे का हुए शिकार, मचा कोहराम

Bihar News: बिहार के नवादा से दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जहां बेटे की शादी का कार्ड बांट रहे पिता की मौत सड़क हादसे में हो गई। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क हादसा
शादी के पहले पसरा मातम - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के नवादा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटे की शादी का कार्ड बांट रहे पिता सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, पूरा मामला अकबरपुर प्रखंड के पैजुना गांव के पास का है। जहां तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने पीछे से एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार विपिन प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे की शादी से पहले पिता की मौत 

जानकारी अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वे अपने बेटे की शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान रजौली थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय विपिन प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विपिन प्रसाद गोविंदपुर में रिश्तेदारों को शादी का निमंत्रण देकर वापस आ रहे थे, तभी पैजुना गांव के पास डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

24 फरवरी को थी शादी 

बताया गया है कि विपिन प्रसाद के बड़े बेटे की शादी की रस्में 22 फरवरी को तिलक और 24 फरवरी को बारात के साथ होनी थीं। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। विपिन प्रसाद पेशे से किसान थे और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। परिवार के लिए यह समय खुशियों भरा था। एक ओर बड़े बेटे की शादी तय थी, तो वहीं मंझले बेटे ने हाल ही में बिहार पुलिस का फिजिकल टेस्ट भी पास किया था। पूरे दिन घर में उत्साह का माहौल था, लेकिन शाम होते-होते हादसे की खबर ने सब कुछ बदल दिया।

परिजनों में मचा कोहराम 

पिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही अकबरपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डंपर ट्रक को जब्त कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट