Bihar News: नवादा में भीषण आग का कहर, आधी रात को मची अफरा-तफरी, इलाके में दहशत
Bihar News:
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के पकरीबरामा प्रखंड अंतर्गत खपुरा गांव में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर एक ट्रैक्टर पर लदी बिचली (पुआल) पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
तेज हवा से बढ़ा खतरा
आग लगते ही तेज हवा के कारण चिंगारियां तेजी से फैलने लगीं। इससे आसपास रखी फसलों और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। देखते ही देखते गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग आग बुझाने में जुट गए।
ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
इस घटना में ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ अहम साबित हुई। आग लगते ही चालक ने ट्रैक्टर को घनी आबादी वाले इलाके से हटाकर एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। यदि ट्रैक्टर गांव के अंदर ही रहता तो आग और भीषण रूप ले सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हवा के कारण आग फैलने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि ट्रैक्टर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट