महिला की मिली लाश, बेटे ने कहा – चोरी करने आए लोगों ने की मां की हत्या

महिला की मिली लाश, बेटे ने कहा – चोरी करने आए लोगों ने की मा

Nawada - नवादा के कंचनबाग मोहल्ले में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। घटना शाम को हुई, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान बुधौल गांव निवासी उमाकांत सुमन की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी घर में अकेली थीं। उनका 14 वर्षीय बेटा ऋषु ट्यूशन गया हुआ था। जब वह लौटा, तो घर का दरवाजा बंद मिला। कई बार खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने सोचा कि मां सो रही है और वह अपने दोस्त के पास चला गया।

दोस्त के पास से लौटने पर ऋषु ने घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाने पर उसने अपनी मां को खून से लथपथ पाया। कमरे में बक्से और अटैची के ताले टूटे हुए थे। मृतका के बेटे ऋषु ने बताया कि एक साल पहले भी उनके घर से सोने के गहने और 2 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे। उसने आशंका व्यक्त की है कि चोरों ने चोरी के इरादे से घर में घुसकर उसकी मां की हत्या की है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चोरों ने चोरी की नीयत से घर में प्रवेश किया होगा और विरोध करने पर महिला की हत्या कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

समाजसेवी एवं वार्ड पार्षद शोभा देवी ने घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों से मुलाकात की। सुनीता देवी पिछले छह वर्षों से कंचनबाग मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थीं। उनके पति एकंगरसराय ब्लॉक में पीआरएस (PRS) के पद पर कार्यरत हैं।