Bihar Road Accident: नवादा में स्कॉर्पियो-ट्रक में भीषण भिड़ंत, मुखिया समेत 10 जख्मी, इलाके फैल गई सनसनी

Bihar Road Accident:एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई, जिसमें मुखिया, उप मुखिया और पूर्व वार्ड पार्षद समेत कुल 10 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।...

Scorpio Truck Crash Injures 10 Including Village Head
नवादा में स्कॉर्पियो-ट्रक में भीषण भिड़ंत- फोटो : reporter

Nawada: जिले की सड़कों पर शनिवार की रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर खूनी मंजर रच दिया। शाहपुर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई, जिसमें मुखिया, उप मुखिया और पूर्व वार्ड पार्षद समेत कुल 10 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसा इतना संगीन था कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में कुछ देर के लिए सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक सभी लोग मुंगेर में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा से लौटकर अपने गांव मिल्की जा रहे थे। रात के सन्नाटे में अचानक एक ट्रक ने स्कॉर्पियो को चकमा दे दिया। सदानंद कुमार के अनुसार, ट्रक की अचानक हरकत से स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के चारों एयरबैग खुल गए, लेकिन रफ्तार का जुनून जानलेवा साबित हुआ।

हादसे में बौद्ध चौधरी, अशोक चौधरी, रामदेव यादव, सुनील यादव, बलवीर यादव और विकास समेत 10 लोग जख्मी हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत पर पैनी नजर रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गाड़ी के अंदर का मंजर किसी वारदात से कम नहीं था सीटें अपनी जगह से उखड़ गई थीं और शीशे चकनाचूर होकर सड़क पर बिखर गए थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका और हादसे की असल वजह की तफ्तीश की जा रही है।एक बार फिर यह हादसा सड़क पर रफ्तार के खतरनाक खेल की गवाही दे गया, जहां एक पल की चूक ने कई जिंदगियों को अस्पताल की चौखट तक पहुंचा दिया।

रिपोर्ट- अमन कुमार