Bihar Crime News: नवादा में चोरी की वारदात में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, एक महीने बाद राजगीर से ट्रैक्टर बरामद, 4 गिरफ्तार
नवादा में एक महीने पहले हुई चोरी की एक वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ ट्रैक्टर भी बरामद किया है.

Bihar Crime News: नवादा के एसपी अविनाश धीमान के निर्देश पर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रजौली थाना क्षेत्र से चोरी हुए मैसी ट्रैक्टर को बरामद कर लिया गया है। साथ ही इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 16 अप्रैल 2025 की है। रजौली थाना क्षेत्र के गार्गन खूर्द गांव में अशोक कुमार के घर के बाहर खड़े मैसी ट्रैक्टर की चोरी हो गई थी। मामले में थाना कांड संख्या 181/25 दर्ज किया गया था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुलशन कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गार्गन खूर्द से एक संदिग्ध सनोज कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रैक्टर राजगीर में छिपाया गया है। इसके बाद राजगीर और रजौली थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पंडितपुर के निरंजन कुमार को हिरासत में लिया गया।
उसने खुलासा किया कि ट्रैक्टर को सुनील कुमार को और डाला को राकेश कुमार को बेच दिया गया है। पुलिस ने राजगीर से सुनील कुमार के पास से ट्रैक्टर और राकेश कुमार से डाला बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गार्गन खुर्द का 19 वर्षीय सनोज कुमार, पंडितपुर का 65 वर्षीय निरंजन कुमार, डुमरी का 27 वर्षीय राकेश कुमार और राजगीर का 55 वर्षीय सुनील कुमार शामिल हैं।
अमन की रिपोर्ट