सूखी नदी की बालू खोदकर निकाल रहे पानी का 'खजाना', खरना का प्रसाद बनाने के लिए श्रद्धालुओं ने बनाए छोटे-छोटे कुएं

नवादा जिला स्थित सबसे बड़े सूर्य मंदिर के समीप लोक आस्था का अद्भुत नजारा दिखा। खरना का प्रसाद बनाने के लिए श्रद्धालु सूखी नदी की बालू खोदकर छोटे-छोटे कुएं बना उससे खरना का प्रसाद बनाने के लिए पानी निकाल वर्षों पुरानी परंपरा को जीवंत कर रहे है....

सूखी नदी की बालू खोदकर निकाल रहे पानी का 'खजाना', खरना का प्
खरना का प्रसाद बनाने के लिए श्रद्धालुओं ने बनाए छोटे-छोटे कुएं- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार के नवादा जिले से एक बेहद अनूठी और आस्था से सराबोर तस्वीर सामने आई है। जिले के सबसे बड़े सूर्य मंदिर के समीप स्थित नदी में पानी की जगह चारों तरफ सिर्फ रेत (बालू) ही दिखाई दे रही है, लेकिन इसी सूखी बालू के नीचे पानी का निर्मल खजाना छिपा हुआ है। इस पवित्र जल को निकालने के लिए छठव्रती और श्रद्धालु नदी की रेत में अपने हाथों से छोटे-छोटे कुएं (चूआं) बना रहे हैं, जो देखने वालों को भी हैरान और भावविभोर कर रहा है।


शनिवार को खरना के अवसर पर उमड़ी भारी भीड़, रेत हटाकर बर्तनों में भर रहे पवित्र जल

महापर्व के दूसरे दिन यानी शनिवार को 'खरना' के पावन अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु इस नदी के किनारे पहुंच रहे हैं। घाट पर अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है, जहां कोई श्रद्धालु अपने हाथों से बालू हटाकर छोटा सा गड्ढा तैयार कर रहा है, तो कोई उस गड्ढे में धीरे-धीरे रिसकर जमा हो रहे स्वच्छ पानी को पूरी श्रद्धा के साथ अपने कलश और बर्तनों में भर रहा है।


सतह पर सूखी दिखने वाली नदी के भीतर से रिसता है निर्मल जल, इसी से बनता है खरना का प्रसाद

इस स्थल की सबसे बड़ी विशेषता और आस्था का केंद्र यह है कि नदी की ऊपरी सतह पर भले ही पानी की एक बूंद नजर नहीं आ रही हो, लेकिन बालू की परत हटाते ही नीचे से धीरे-धीरे निर्मल जल निकलने लगता है। श्रद्धालु इस प्राकृतिक और शुद्ध जल को अत्यंत पवित्र मानकर अपने घर ले जाते हैं। छठव्रतियों द्वारा इसी जल का उपयोग कर मिट्टी के चूल्हे पर अत्यंत शुद्धता के साथ खरना का महाप्रसाद तैयार किया जाता है।


वर्षों पुरानी परंपरा और अटूट आस्था का प्रतीक है यह अनूठा तरीका

स्थानीय लोगों के अनुसार, बालू खोदकर जल निकालने की यह प्रक्रिया केवल पानी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह वर्षों पुरानी उस गौरवशाली लोक परंपरा और अटूट आस्था की जीवंत तस्वीर है, जो हर साल छठ महापर्व के मौके पर यहां देखने को मिलती है। आधुनिकता के इस दौर में भी श्रद्धालु अपनी जड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से पूरी तरह जुड़े हुए हैं और पीढ़ी दर पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।


गुड़ की खीर और रोटी ग्रहण करने के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत

गौरतलब है कि खरना के दिन छठव्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को भगवान भास्कर और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं और गुड़ की खीर (रसियाव) तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का अत्यंत कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो जाता है। नदी किनारे श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, रेत में बने छोटे-छोटे कुएं और छठी मैया के गूंजते जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।


अमन की रिपोर्ट