Bihar News : पटना मैराथन में 10 हजार धावक लगायेंगे दौड़, नशा मुक्त बिहार की लोगों से करेंगे अपील, मुख्य अतिथि का नाम जानकर आप चौंक जायेंगे
PATNA : मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सहयोग से पटना में 15 मार्च को मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में बुधवार को पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि “नशा मुक्त बिहार” के संदेश के साथ आयोजित होने वाला पटना मैराथन राज्य में जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस वर्ष मैराथन का आयोजन कुछ विलंब से हो रहा है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी स्तरों पर इसकी तैयारी पूरी तरह से सुव्यवस्थित और बेहतर तरीके से की जाए, ताकि यह आयोजन सफल और प्रभावी हो सके।
चार श्रेणियों में होगा दौड़ा का आयोजन
इस अवसर पर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के आयुक्त अंशुल अग्रवाल ने कहा कि पटना मैराथन अब बिहार की एक पहचान बन चुकी है। इस वर्ष मैराथन में देशभर से लगभग 10 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है। मैराथन में चार श्रेणियों में दौड़ का आयोजन किया जाएगा- फुल मैराथन (42.195 किमी), हाफ मैराथन (21.097 किमी), 10 किलोमीटर रन और 5 किलोमीटर रन। इसकी शुरुआत गांधी मैदान से होगी जो गंगा पथ और अटल पथ से होकर गुजरेगी, समापन गांधी मैदान में होगा। इस दौरान प्रतिभागियों को पटना के सुंदर रिवरफ्रंट और आधुनिक सड़कों का अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने आगे बताया कि प्रतिभागियों को प्रेरित करने के लिए इस वर्ष पटना मैराथन में मुख्य अतिथि के तौर पर ओलंपिक पदक विजेता और विश्व प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु को आमंत्रित किया गया है।
प्रतिभागियों के लिए डॉक्टर और पारामेडिकल स्टाफ तैनात
मैराथन के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए प्रत्येक किलोमीटर पर कुल 20 एड स्टेशन लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मार्ग व आयोजन स्थल पर मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन में 30 डॉक्टर, पारामेडिकल स्टाफ और 20 फिजियोथेरेपिस्ट तैनात रहेंगे। यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की टीम कार्यरत रहेगी, जबकि नगर निगम की तरफ से साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फुल मैराथन की शुरुआत प्रातः 3:30 बजे, हाफ मैराथन – प्रातः 5:00 बजे, 10 किलोमीटर रन – प्रातः 6:00 बजे और 5 किलोमीटर रन – प्रातः 7:15 बजे शुरू होगी।
प्रतिबंधित रहेगा यातायात
मैराथन को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए 14 मार्च की रात 11 बजे से 15 मार्च की सुबह 10 बजे तक संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। विजेताओं को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, पुरस्कार वितरण समारोह प्रातः 6:45 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट और मेडल प्रदान किए जाएंगे। आयोजित कॉन्फ्रेंस के दौरान मैराथन से संबंधित मेडल और टी-शर्ट को लॉन्च किया गया।