Bihar Education News : बिहार की तकनीकी शिक्षा को मिली राष्ट्रीय पहचान, 7 सरकारी पॉलिटेक्निक के 10 कोर्स को मिली NBA मान्यता

Bihar Education News : बिहार के 7 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के 10 अलग-अलग पाठ्यक्रमों को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (एनबीए) द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है....पढ़िए आगे

Bihar Education News : बिहार की तकनीकी शिक्षा को मिली राष्ट्
10 कोर्सों को मिली राष्ट्रीय मान्यता - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले राज्य के 7 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के 10 विभिन्न पाठ्यक्रमों को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (एनबीए) से मान्यता प्राप्त हुई है। इसे राज्य की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। मान्यता प्राप्त संस्थानों में राजकीय पॉलिटेक्निक, औरंगाबाद का मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम, राजकीय पॉलिटेक्निक, छपरा का इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम, राजकीय पॉलिटेक्निक, किशनगंज और सुपौल के मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम शामिल हैं।

वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा के इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों को भी एनबीए की मान्यता मिली है। इसके अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक, पश्चिम चंपारण के मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक (एनजीपी), पटना-13 के इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों को भी मान्यता प्रदान की गई है। इससे पहले वर्ष 2024 में न्यू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक (एनजीपी), पटना-13 को सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विषयों में एनबीए मान्यता मिल चुकी है। विभाग के अनुसार, यह उपलब्धि बिहार में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस उपलब्धि पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मान्यता का अभाव एक बड़ी चुनौती रहा है, लेकिन संस्थानों ने कठिन परिश्रम और बेहतर दस्तावेजीकरण के माध्यम से इस चुनौती को पार किया है। उन्होंने कहा कि रिसर्च एंड डेवलपमेंट तथा प्लेसमेंट जैसे क्षेत्रों में भी पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका परिणाम आज सामने आया है।

विभाग के सचिव हिमांशु शर्मा ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और जल्द ही राज्य के अन्य तकनीकी संस्थान भी इस श्रेणी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह सफलता बिहार में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में हो रहे निरंतर सुधार का प्रमाण है। वहीं विभाग के अपर सचिव-सह-निदेशक अहमद महमूद ने कहा कि पिछले दो वर्षों से इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे और यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विभाग का मानना है कि इस उपलब्धि से राज्य के अन्य तकनीकी संस्थान भी गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। आने वाले वर्षों में और अधिक संस्थानों को एनबीए मान्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि बिहार तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।