Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana:10 हजार का हिसाब-किताब शुरू! महिला रोजगार योजना पर सरकार का सख्त सर्वे, अगली किस्त से पहले होगा ये काम
Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की सियासत में महिलाओं के आर्थिक इंक़लाब को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। ....
Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की सियासत में महिलाओं के आर्थिक इंक़लाब को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। बिहार सरकार ने 10-10 हजार रुपये प्राप्त करने वाली महिलाओं के रोजगार का ज़मीनी जायजा लेने के लिए राज्यव्यापी सर्वे शुरू कर दिया है। मकसद साफ है जो बहनें हक़ीक़त में कारोबार खड़ा कर रही हैं, उन्हें अगली किस्त का हक़ अदा किया जाए, और जहां ज़रूरत हो वहां ट्रेनिंग और रहनुमाई दी जाए।
जीविका के कर्मी मोबाइल ऐप के जरिए लाभुक महिलाओं से सीधे संपर्क कर रहे हैं और उनके द्वारा शुरू किए गए कारोबार चाहे वह सिलाई-कढ़ाई हो, डेयरी, किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर या कृषि आधारित उद्यम की जानकारी अपलोड कर रहे हैं। अब तक राज्य की 1.81 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। सर्वे के बाद यह स्पष्ट होगा कि किसका रोजगार रफ्तार पकड़ चुका है और किसे अतिरिक्त मदद की दरकार है।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि मार्च-अप्रैल में अगली किस्त की अदायगी शुरू हो सकती है। बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को चार चरणों में अधिकतम दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। पहली किस्त 20 हजार की होगी, जिसमें लाभुक का 5 हजार अंशदान भी शामिल रहेगा। इसके बाद 40 हजार, फिर 80 हजार और अंतिम चरण में 60 हजार रुपये दिए जाएंगे। विशेष परिस्थितियों में राज्य स्तरीय समिति की अनुशंसा पर दो लाख रुपये एकमुश्त भी दिए जा सकते हैं।
साफ कर दिया गया है कि बिहार लघु उद्यमी योजना से लाभान्वित महिलाओं को इस योजना के तहत आगे कोई राशि नहीं मिलेगी। उधर शहरी क्षेत्रों की 18 लाख आवेदनों का सत्यापन 15 मार्च तक पूरा करने का निर्देश नगर निकायों को दिया गया है।
राजनीतिक मायनों में देखें तो यह सिर्फ आर्थिक योजना नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की बिसात पर सरकार की बड़ी चाल है। अब नारा साफ है काम दिखाओ, अगली किस्त पाओ।