Bihar IAS Posting: बिहार में 14 नए IAS अधिकारियों की तैनाती, स्वास्थ्य से शिक्षा विभाग तक में मिली अहम जिम्मेदारी, पढ़िए लिस्ट

Bihar IAS Posting: बिहार प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्नति प्राप्त करने वाले 14 अधिकारियों का पदस्थापन कर दिया गया है। ...

14 New IAS Officers Posted in Bihar Assigned Key Roles Acros
14 नए IAS अधिकारियों की तैनाती- फोटो : social Media

Bihar IAS Posting:  बिहार प्रशासनिक सेवा  से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रोन्नति प्राप्त करने वाले 14 अधिकारियों का पदस्थापन कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को संयुक्त सचिव स्तर अथवा समकक्ष महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सरकार के आदेश के बाद विभिन्न विभागों, निगमों और जिला स्तर पर अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इन अधिकारियों के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ अब राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों को मिलेगा।

अधिसूचना के अनुसार मृणायक दास को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है, जबकि मनोरंजन कुमार को शिक्षा विभाग में निदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विकास कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव पदस्थापित किया गया है। साथ ही उन्हें बिहार युवा आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में विधु भूषण चौधरी को संयुक्त सचिव बनाया गया है, जबकि मो. वसीम अहमद को पंचायती राज विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है। कृत्यानंद रंजन को परिवहन विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं मो. राशिद आलम को पटना का जिला पंचायती राज पदाधिकारी बनाया गया है।

प्रशासनिक पुनर्व्यवस्था के तहत डॉ. गगन को बिहार राज्य भंडार निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं अंजनी कुमार को पूर्णिया प्रमंडल का विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। मो. इजतबा हुसैन को वित्त विभाग तथा रजनीश कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा इबरार अहमद को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, मनोज कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हेमंत कुमार सिंह को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।सरकार को उम्मीद है कि इन अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों में गति आएगी, योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार होगा तथा प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार