Patna Coaching Dispute: खान सर की जमानत पर टिकी निगाहें, कोचिंग विवाद में आज अहम सुनवाई, कोर्ट के फैसले का इंतजार
Patna Coaching Dispute: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है।...
Patna Coaching Dispute: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर 25 जून को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है। इसके साथ ही उनके दोनों गार्ड्स और मामले से जुड़े अन्य पक्षों की जमानत याचिकाओं पर भी अदालत में सुनवाई निर्धारित है। इस मामले पर न सिर्फ कानूनी हलकों बल्कि शिक्षा जगत और राजनीतिक गलियारों की भी नजरें टिकी हुई हैं।
सेशन जज की अदालत में सुनवाई से पहले कदमकुआं थाना पुलिस की ओर से अपडेटेड केस डायरी कोर्ट में प्रस्तुत की गई है। अदालत ने इस केस डायरी का अवलोकन भी कर लिया है। पुलिस द्वारा दाखिल रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों का उल्लेख किया गया है, जिन्हें सुनवाई के दौरान अहम माना जा रहा है।
बुधवार को पटना कोचिंग विवाद मामले में रौशन आनंद पक्ष के अभिषेक और गौरव की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हुई। हालांकि लोक अभियोजक को अपडेटेड केस डायरी समय पर प्राप्त नहीं होने के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी और मामले को अगले दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अब सभी पक्षों की दलीलों के साथ आज अंतिम सुनवाई होने की संभावना है।
खान सर की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका में कहा गया है कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और तथ्यहीन हैं। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि कथित फायरिंग की घटना से उनका कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। वहीं उनके दोनों गार्ड्स ने भी अदालत से जमानत की मांग की है।
दूसरी ओर, खान सर और रौशन आनंद के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। जेल से बाहर आने के बाद रौशन आनंद ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने हत्या की साजिश रचने और प्रिंस यादव हत्याकांड से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कदमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी। अब पूरे मामले में अदालत का फैसला आगे की कानूनी दिशा तय कर सकता है, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।