Bihar Budget Session: नीतीश बनाम राबड़ी, बिहार विधानमंडल का छठा दिन आज, महिला सुरक्षा पर घिरी सरकार, क्या इस्तीफा देंगे सीएम?
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का आज छठा दिन है। पांचवें दिन सीएम नीतीश और राबड़ी देवी में भारी बवाल देखने को मिला। दोनों में तीखी नोंक झोक हुई। वहीं आज भी भारी बवाल होने की संभावना है।
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र का आज यानी मंगलवार को छठा दिन है। आज की कार्यवाही भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है, जिससे तीखी बहस और तनातनी की स्थिति बन सकती है। बीते दिन भी सदन की कार्यवाही हंगामेदार रही है। विधानसभा में जहां एक ओर सत्ता पक्ष के विधायकों ने ही अपने मंत्रियों को घेरा तो वहीं दूसरी ओर विधान परिषद में सीएम नीतीश और राबड़ी देवी आपस में भिड़ गए। वहीं आज भी दोनों सदनों में भारी बवाल देखने को मिलेगा। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी विधानसभा पहुंचे और सत्र में शामिल होंगे।
सदन में घिरेगी सरकार
विधानसभा के आज की कार्यवाही में प्रश्नोत्तर काल के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठेंगे। इसके अलावा आलोक कुमार सिंह, मुरारी प्रसाद और अन्य सदस्यों द्वारा दी गई ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से वक्तव्य दिया जाएगा। वहीं अख्तरुल ईमान, संदीप सौरभ समेत अन्य सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर स्वास्थ्य विभाग का जवाब भी सदन में रखा जाएगा।
आज क्या क्या होगा?
सदन में बिहार नगरपालिका विधि सेवा नियमावली 2025 और बिहार नगरपालिका योजना सेवा नियमावली 2025 की प्रतियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। दोपहर बाद के सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय में शामिल अनुदान की मांगों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब हो कि, सोमवार को विधान परिषद की कार्यवाही महिला अपराध के मुद्दे पर जमकर हंगामेदार रही। विपक्षी सदस्य वेल में पहुंचकर महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर चर्चा की मांग कर रहे थे।
आज भी होगा हंगामा
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मुख्यमंत्री ने सभापति से विपक्षी सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं एक भाजपा एमएलसी की टिप्पणी पर राबड़ी देवी के नाराज होने से माहौल और गरमा गया। माना जा रहा है कि इसका असर मंगलवार की कार्यवाही में भी देखने को मिल सकता है।
सदन में होंगे पेश
विधान परिषद में मंगलवार को प्रश्नों के उत्तर के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण प्रतिवेदन भी सदन में रखे जाएंगे। गुलाम गौस गैर सरकारी सदस्यों के विधेयक और संकल्प संबंधी समिति का 214वां प्रतिवेदन पेश करेंगे। इसके अलावा बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, पटना के वित्तीय वर्ष 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन और बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग, पटना के वित्तीय वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिहार प्रशासनिक सेवा भर्ती एवं सेवा शर्ते नियमावली 2025 की प्रति भी रखी जाएगी। माले की एमएलसी शशि यादव राज्य में बंद और बीमार उद्योगों को पुनर्जीवित करने, नए उद्योग स्थापित करने और उद्योग आधारित रणनीति विकसित करने को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट करेंगी।