79th Independence Day: पटना में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, गांधी मैदान में आज सीएम नीतीश फहराएंगे झंडा, 22 मिनट के भाषण में करेंगे ये बड़ी घोषणाएं

79th Independence Day: देश आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आज पटना के गांधी मैदान में सीएम नीतीश झंडोत्तोलन करेंगे। साथ ही सीएम नीतीश चुनावी साल में बड़ी घोषणाएं भी कर सकते हैं।

79th Independence Day
79th Independence Day- फोटो : social media

79th Independence Day: देश आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पटना के गांधी मैदान में आज सीएम नीतीश झंडोत्तोलन करेंगे। पटना में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। वहीं गांधी मैदान में मुख्य राजकीय समारोह होगा। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। चुनावी साल होने के कारण आज का दिन अहम माना जा रहा है। सीएम नीतीश आज कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। 

गांधी मैदान का कार्यक्रम

सुबह 8:52 बजे मुख्यमंत्री के आगमन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 8:55 बजे वे परेड का निरीक्षण करेंगे। 9 बजे झंडा फहराने के बाद 9:03 बजे मुख्यमंत्री का भाषण शुरू होगा, जो लगभग 22 मिनट का होगा। इसके बाद 9:25 बजे सलामी और 9:26 बजे परेड का समापन होगा। 9:28 बजे 15 विभागों की आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति होगी, जिन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। 9:50 बजे मुख्यमंत्री गांधी मैदान से प्रस्थान करेंगे। चुनावी वर्ष होने के चलते उनके भाषण में बड़ी घोषणा की संभावना भी जताई जा रही है।

लाइव प्रसारण और ट्रैफिक व्यवस्था

पटना स्मार्ट सिटी की ओर से गांधी मैदान का कार्यक्रम शहर के 15 स्थानों पर वेरिएबल मैसेज डिसप्ले (VMD) स्क्रीन के माध्यम से लाइव दिखाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।

राजद सुप्रीमो सहित ये नेता फहराएंगे झंडा 

लालू प्रसाद और राबड़ी देवी सुबह 8 बजे 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर ध्वजारोहण करेंगे। आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल 8:30 बजे पार्टी कार्यालय में तिरंगा फहराएंगे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सुबह 9 बजे 1, पोलो रोड आवास पर झंडोत्तोलन करेंगे। बिहार विधानसभा में सुबह 8 बजे, विधान परिषद में 8:15 बजे और जेडीयू कार्यालय में 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। राज्यपाल सुबह 10 बजे राजभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।