1st October New Rule: 1 अक्टूबर से बदल गए ये 8 नियम, रेलवे टिकट बुकिंग से लेकर यूपीआई तक में कई बदलाव, जानिए आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर

1st October New Rule: महीने के पहले दिन कई नियमों में बदलाव होता है। ऐसे में अक्टूबर महीने में 8 नए नियम लागू हुए हैं। जिनमें टिकट बुकिंग से लेकर यूपीआई तक शामिल है। आइए जानते हैं...

8 rules have changed
8 rules have changed- फोटो : social media

1st October New Rule: आज से नया महीना अक्टूबर शुरू हो गया है और इसके साथ ही कई वित्तीय व गैर-वित्तीय नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। आइए जानते हैं अक्टूबर महीने से क्या-क्या बदलेगा। बता दें कि हर महीने के पहली तारीख को कई बदलाव किए जाते हैं। 

1 अक्टूबर से  होने वाले बदलाव जानिए

1. यूपीआई पर पुल ट्रांजेक्शन बंद

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने फोनपे, गूगल पे और पेटीएम जैसे यूपीआई प्लेटफॉर्म पर पर्सन-टू-पर्सन (P2P) कलेक्ट रिक्वेस्ट या पुल ट्रांजेक्शन सुविधा बंद कर दी है। यानी अब किसी से रिक्वेस्ट करके पैसे नहीं मंगाए जा सकेंगे। इसका उद्देश्य यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाना और ऑनलाइन फ्रॉड कम करना है।

2. एनपीएस निवेश सीमा बढ़ी

गैर-सरकारी अंशधारक अब मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) के तहत अपनी पेंशन राशि का 100% इक्विटी योजनाओं में निवेश कर सकेंगे। पहले यह सीमा 75% थी।

ई-प्रान किट के लिए ₹18

फिजिकल प्रान कार्ड के लिए ₹40 शुल्क लिया जाएगा। सरकारी और निजी क्षेत्र के लिए शुल्क अलग-अलग तय किए गए हैं।

3. रेलवे टिकट बुकिंग नियम

ऑनलाइन रिजर्वेशन विंडो खुलने के पहले 15 मिनट केवल आधार सत्यापित यूजर्स ही टिकट बुक कर पाएंगे। यह कदम टिकट बुकिंग में पारदर्शिता और दुरुपयोग रोकने के लिए उठाया गया है।

4. ऑनलाइन गेमिंग के नियमों में बदलाव

1 अक्टूबर से ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर के लिए आयु सीमा और लाइसेंसिंग से जुड़े नए नियम लागू हो गए हैं। उद्देश्य है— ज्यादा पारदर्शिता और सुरक्षित गेमिंग माहौल।

5. पीएनबी लॉकर और सेवाओं पर बढ़ा शुल्क

पंजाब नेशनल बैंक ने लॉकर और कुछ अन्य सेवाओं के चार्ज बढ़ा दिए हैं। यानी अब बैंक में लॉकर रखना महंगा होगा। नामांकन शुल्क भी बढ़ा है।

6. स्पीड पोस्ट पर ज्यादा खर्च

डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट का शुल्क बढ़ा दिया है। अब स्पीड पोस्ट OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम से जुड़ जाएगा, यानी डिलीवरी केवल प्राप्तकर्ता के सत्यापन के बाद ही होगी।

7. आरबीआई लाएगा नई चेक सुविधा

आरबीआई 4 अक्टूबर से निरंतर चेक समाशोधन सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण 4 अक्टूबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक तो वहीं दूसरा चरण 3 जनवरी 2026 से आगे।

8. अक्टूबर में 21 दिन बैंक बंद

दशहरा, दिवाली, छठ समेत त्योहारों के चलते अक्टूबर महीने में 21 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि ये अवकाश राज्यों के अनुसार अलग-अलग होंगे।