पहलेजा से बाबा गरीबनाथ तक बनेगा 50 KM लंबा स्थायी कांवरिया पथ, निरीक्षण के बाद प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश

सावन के महीने में बाबा गरीबनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों के लिए एक खुशखबरी है। राज्य प्रशासन ने सुल्तानगंज-देवघर मार्ग की तर्ज पर पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक एक स्थायी कांवरिया पथ विकसित करने का निर्णय लिया है....

पहलेजा से बाबा गरीबनाथ तक बनेगा 50 KM लंबा स्थायी कांवरिया प
पहलेजा से बाबा गरीबनाथ तक बनेगा स्थायी कांवरिया पथ- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna: श्रावण मास के पवित्र अवसर पर बाबा गरीबनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य प्रशासन ने बड़ी पहल की है। गुरुवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने विभागीय अधिकारियों और NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के पदाधिकारियों के साथ पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक के कांवरिया पथ की वर्तमान व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया।


साफ-सफाईसुचारू आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्रभावी बनाने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सहूलियत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग में साफ-सफाई, सुव्यवस्थित आवागमन और अन्य आपातकालीन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी बनी रहें।


सुल्तानगंज की तर्ज पर 6 मीटर चौड़ा कच्चा कांवरिया पथ विकसित करने का प्रस्ताव

इस निरीक्षण की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि सुल्तानगंज-देवघर मार्ग की तर्ज पर पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक एक स्थायी कांवरिया पथ विकसित करने का निर्णय रहा। प्रस्ताव के अनुसार, NHAI की उपलब्ध भूमि पर लगभग 50 किलोमीटर लंबा और 6 मीटर चौड़ा स्थायी कच्चा कांवरिया पथ तैयार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को पक्की सड़कों के कंक्रीट और कंकड़-पत्थरों से राहत मिल सके।


परियोजना के लिए आवश्यक कागजी व विभागीय प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के आदेश

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कागजी और प्रशासनिक औपचारिकताएं तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस स्थायी पथ के बन जाने से भविष्य में हर साल श्रावण मास के दौरान आने वाले शिवभक्तों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और समर्पित मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।


इस अवसर पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की अपार आस्था का सम्मान करती है और उनकी यात्रा को हर संभव तरीके से सुखद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रस्तावित 50 किलोमीटर लंबा कांवरिया पथ आने वाले वर्षों में उत्तर बिहार में धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिकोण से एक मील का पत्थर साबित होगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट