निगरानी का महाअभियान: कल बांका के बाद आज पटना में राजस्व कर्मचारी और दलाल रिश्वत लेते गिरफ्तार, 4 दिनों में 8 हत्थे चढ़े

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे महाअभियान के तहत निगरानी की टीम ने गुरुवार को पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड के मैनपुरन्दा पंचायत भवन में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने राजस्व कर्मचारी और दलाल घूस लेते गिरफ्तार किया है...

निगरानी का महाअभियान: कल बांका के बाद आज पटना में राजस्व कर्
घूस लेते राजस्व कर्मचारी और दलाल गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज, 4 जून 2026 को निगरानी की मुख्यालय टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत मैनपुरन्दा पंचायत के राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल को 35,000 रुपये और उसके दलाल गुड्डू कुमार (अनीसाबाद निवासी) को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। दोनों को मैनपुरन्दा पंचायत भवन से घूस की रकम के साथ गिरफ्तार किया गया है।


अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट देने के एवज में मांगी थी घूस

इस मामले को लेकर पटना जिले के बिक्रम थाना अंतर्गत गोरखरी गांव निवासी प्रवीण कुमार सुमन ने निगरानी ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उनके प्लॉट से 100 मीटर दूर मुख्य सड़क पर स्थित चार घरों का अवैध अतिक्रमण हटाने से संबंधित रिपोर्ट तैयार करने के एवज में राजस्व कर्मचारी और दलाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें घूस मांगे जाने का प्रमाण पूरी तरह सही पाया गया।


डीएसपी रिशिता स्नेह के नेतृत्व में टीम ने बिछाया जाल

सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर 3 जून 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-069/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद अनुसंधानकर्ता सह पुलिस उपाधीक्षक (DSP) श्रीमती रिशिता स्नेह के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। इस टीम ने आज योजनाबद्ध तरीके से पंचायत भवन में जाल बिछाया और जैसे ही परिवादी ने आरोपी कर्मचारी और दलाल को पैसे दिए, निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा।


जून महीने के शुरुआती 4 दिनों में ही 8 भ्रष्टाचारी दबोचे गए

निगरानी ब्यूरो की इस लगातार कार्रवाई से सूबे के भ्रष्ट कारिंदों में हड़कंप मचा हुआ है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले चार दिनों के भीतर अलग-अलग जिलों से कुल 8 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं:

  • जून: बांका से सहायक विद्युत अभियंता (₹20,000) और पूर्णिया से राजस्व कर्मचारी (₹10,000) गिरफ्तार।
  • जून: बांका जिला से ही एक सर्वे अमीन (₹8,500) रिश्वत लेते पकड़ा गया।
  • जून: पटना से स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय अपर निदेशक (₹40,000) और नवादा से ग्रामीण आवास सहायक (₹10,000) दबोचे गए।
  • जून: पटना के फुलवारी शरीफ से राजस्व कर्मचारी (₹35,000) और दलाल (₹10,000) गिरफ्तार हुए।


साल 2026 का 64वां ट्रैप कांड, अब तक 25 लाख से अधिक बरामद

भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार के लिए वर्ष 2026 की यह 69वीं प्राथमिकी है। इसमें जाल बिछाकर पकड़ने (टैप संबंधी) का यह 64वां कांड है। ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक कुल 64 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके पास से रिश्वत की कुल 25,42,800 रुपये की राशि बरामद की गई है। वहीं, अगर पिछले वर्ष 2025 की बात करें, तो कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे, जिसमें 37,80,300 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई थी।


अनिल की रिपोर्ट