Bihar weather:पटना समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी, 27 जून के बाद बदलेगा मौसम
Bihar weather: उत्तर बिहार में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं, जबकि दक्षिण बिहार के कई जिले अब भी भीषण गर्मी, लू और उमस के सितम से बेहाल हैं।
Bihar weather: बिहार में मानसून ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन झमाझम बारिश का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक सूबे में व्यापक बारिश के लिए अभी कम से कम 48 घंटे और इंतजार करना पड़ेगा। इस बीच प्रदेश का मौसम दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। उत्तर बिहार में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं, जबकि दक्षिण बिहार के कई जिले अब भी भीषण गर्मी, लू और उमस के सितम से बेहाल हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी है। विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान लापरवाही किसी बड़ी मुसीबत को दावत दे सकती है। राजधानी पटना में गुरुवार को दिनभर सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। हालांकि देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी ने कुछ राहत जरूर पहुंचाई, लेकिन उमस का कहर बरकरार रहा।
उत्तर बिहार में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त पुरवा हवा का असर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल और मधुबनी समेत कई जिलों में मेघगर्जन, तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा और मधेपुरा समेत कई जिलों को येलो अलर्ट के दायरे में रखा गया है।
दूसरी ओर पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, भागलपुर, बांका, बेगूसराय और खगड़िया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि गया और नालंदा जैसे जिलों में लोगों को गर्मी से फौरी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि 27 जून के बाद मानसूनी सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद पूरे बिहार में एकसाथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। व्यापक वर्षा से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे उमस और भीषण गर्मी के कहर से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।