नवादा के लौंद बाजार में शॉर्ट सर्किट से आग, फर्नीचर-बर्तन की दुकान में लाखों की संपत्ति राख
पीड़ित दुकानदार सुधीर सिंह के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के फर्नीचर, बर्तन और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
Bihar News : नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद बाजार में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक बर्तन एवं फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानों को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
दुकान संचालक लौंद गांव निवासी सुधीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। रविवार सुबह लगभग आठ बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
रजौली से पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम में प्रधान अग्निक सुरेंद्र कुमार शर्मा, अग्निक सुधांशु कुमार और अग्नि चालक टुन्ना कुमार गुप्ता शामिल थे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान समाजसेवी बिपिन कुमार मुखिया और धर्मेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।
पीड़ित दुकानदार सुधीर सिंह के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के फर्नीचर, बर्तन और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच कराने और पीड़ित दुकानदार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
अमन की रिपोर्ट