Bihar News : बिहार सरकार की महिला अधिकारी को विद्युतकर्मी से हुआ इश्क, प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : कटिहार में एक महिला अधिकारी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या करा दी. जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार सरकार की महिला अधिकारी को विद्युतकर्मी से
पति की हत्या - फोटो : SHYAM

KATIHAR : भारतीय समाज में पति-पत्नी के रिश्ते को सात जन्मों का पवित्र और अटूट बंधन माना जाता है, लेकिन हाल के दिनों में इस रिश्ते को कलंकित करने वाले कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला कटिहार रेल मंडल के मानसी रेल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। 11 जुलाई को जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे रेलवे के विद्युत कर्मी देव कुमार गुंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अब इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का ऐसा खुलासा किया है, जिसकी स्क्रिप्ट किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है।

इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक देव कुमार गुंजन की पत्नी समित कुमारी ही निकली, जो इस मामले में खुद वादी भी बनी हुई थी। समित कुमारी बिहार सरकार में एक बड़े और रसूखदार पद पर कार्यरत है और वर्तमान में सुपौल जिले में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात है। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि महिला अधिकारी का जहानाबाद में पदस्थापित एक अन्य विद्युत कर्मी अजीत के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अपने इसी अवैध रिश्ते के रास्ते से पति को हटाने के लिए महिला अधिकारी ने खौफनाक साजिश रची।

पुलिस खुलासे के अनुसार, एमवीआई समित कुमारी और उसके प्रेमी अजीत ने मिलकर देव कुमार गुंजन को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार किया। इसके लिए उन्होंने पेशेवर अपराधियों से संपर्क साधा और महज 4 लाख रुपये की सुपारी देकर भाड़े के शूटर राजू उर्फ धीरज को इस काम पर लगाया। योजना के मुताबिक, 11 जुलाई को जब देव कुमार जनसाधारण एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे, तभी सुपारी किलर ने ट्रेन के भीतर ही उन्हें गोली मार दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने जब वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। शक की सुई जब मृतक की पत्नी पर घूमी, तो परत-दर-परत पूरी सच्चाई सामने आ गई। कटिहार रेल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता पत्नी (MVI समित कुमारी), उसके प्रेमी अजीत और सुपारी किलर राजू उर्फ धीरज तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेजकर मामले का पूरी तरह से पटाक्षेप कर दिया है।

इस 'हम, तुम और वह' की खूनी दास्तान ने प्रशासनिक महकमे से लेकर आम जनता के बीच सनसनी फैला दी है। एक उच्च पद पर बैठी महिला अधिकारी द्वारा अपने प्रेमी के प्यार में अंधा होकर पति की जान लेने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि जिस पत्नी पर पति सबसे ज्यादा भरोसा करता था, उसी ने इतनी बेरहमी से उसकी मौत का सौदा कर डाला।

श्याम की रिपोर्ट