Bihar News : औरंगाबाद में उच्च शिक्षा की नई उड़ान, ओबरा और मदनपुर में खुले नए डिग्री कॉलेज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया वर्चुअली उद्घाटन
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को ऑनलाइन माध्यम से पूरे बिहार में 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया। इसमें औरंगाबाद जिले के ओबरा और मदनपुर प्रखंड के 2 कॉलेज भी शामिल हैं।
AURANGABAD : औरंगाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक क्रांति देखने को मिली है। बिहार सरकार के इस बड़े कदम के तहत जिले के ओबरा और मदनपुर प्रखंड में दो नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की गई है। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से पूरे बिहार में नवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों के साथ किया। इन कॉलेजों के शुरू होने से अब ग्रामीण इलाकों के छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जिले के ओबरा प्रखंड के करसावा पंचायत मुख्यालय और मदनपुर प्रखंड के पिरवा पंचायत मुख्यालय में इन डिग्री कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ओबरा के करसावा में एक भव्य उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और ओबरा विधायक प्रकाश चंद्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कॉलेज का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध लोग वहां मौजूद रहे।
दशकों पुरानी इस मांग के पूरे होने पर स्थानीय लोगों ने अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक "ऐतिहासिक उपलब्धि" बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि करसावा और आसपास के इलाकों में कोई उच्च शिक्षण संस्थान न होने के कारण गरीब पृष्ठभूमि के बच्चों को पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी। विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी या सुरक्षा कारणों से उनकी आगे की पढ़ाई बंद हो जाती थी। अब अपने ही क्षेत्र में कॉलेज खुलने से बालिकाओं की उच्च शिक्षा की राह बेहद आसान हो जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओबरा विधायक प्रकाश चंद्रा ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी प्रगतिशील समाज और उसके समग्र विकास की वास्तविक नींव है। सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े युवाओं तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाना है। यह नया संस्थान आने वाले वर्षों में हजारों युवाओं के सुनहरे भविष्य को नई और सही दिशा देगा। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए घोषणा की कि वे ओबरा क्षेत्र में जल्द ही एक टेक्निकल कॉलेज खुलवाने के लिए भी प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का भरोसा देते हुए कहा कि कॉलेज परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र बिना किसी बाधा के समय पर शुरू हो सके। करसावा डिग्री कॉलेज को ओबरा के विकास में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। अब स्थानीय जनता और छात्रों को उम्मीद है कि इस संस्थान में जल्द ही पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति होगी और नियमित रूप से पठन-पाठन का कार्य सुचारू हो सकेगा।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट