एडीजी अमित लोढ़ा पर बिहार पुलिस मुख्यालय का बड़ा निर्णय, यहां मिली कमान, वेब सीरीज खाकी द बिहार चैप्टर से देश भर में मिली प्रसिद्धि
1998 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित लोढ़ा को लखीसराय और शेखपुरा जिले के नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
IPS Amit Lodha : बिहार में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिहार पुलिस मुख्यालय ने अहम प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यालय में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों जिसमें डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी हैं उन्हें राज्य के विभिन्न जिलों का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी कड़ी में 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित लोढ़ा को लखीसराय और शेखपुरा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब इन दोनों जिलों में पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और विशेष अभियानों की निगरानी सीधे मुख्यालय स्तर से उनके नेतृत्व में की जाएगी।
प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव
पुलिस मुख्यालय के इस निर्णय को सुरक्षा व्यवस्था को धार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत जिलों में होने वाली गतिविधियों पर वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। अमित लोढ़ा वहीं आईपीएस अधिकारी हैं जिनसे जुड़े वेब सीरीज खाकी द बिहार चैप्टर की देश भर में खूब चर्चा हुई। एसपी रहते हुए अमित लोढ़ा ने कई जिलों में अपना जलवा कायम किया और इसी को केंद्र में रखकर वेब सीरिज बना।
सख्त छवि के अधिकारी को जिम्मेदारी
अमित लोढ़ा को एक सख्त और सक्रिय अधिकारी के रूप में जाना जाता है। हाल ही में उन्हें आईजी से पदोन्नत कर एडीजी बनाया गया है। अब लखीसराय और शेखपुरा जैसे संवेदनशील जिलों की जिम्मेदारी मिलने से उनकी भूमिका और अहम हो गई है।
विवादों से भी रहा है जुड़ाव
गौरतलब है कि विशेष निगरानी इकाई ने 7 दिसंबर 2022 को अमित लोढ़ा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ था, जिसमें जांच के दौरान करीब 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्ति सामने आई थी। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024 में राज्य सरकार से उनके खिलाफ अभियोजन की अनुमति मांगी गई थी। हाल ही में राज्य सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर फाइल केंद्र सरकार को भेज दी है। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद निगरानी न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।
31 IPS अधिकारी बने जिला प्रभारी
लखीसराय और शेखपुरा जिलों के लिए एडीजी अमित लोढ़ा को नियुक्त किया गया है। औरंगाबाद जिले का प्रभार आईजी अनसुइया रणसिंह साहू को मिला है। नवादा के लिए डीआईजी राजीव रंजन (2) को जिम्मेदारी दी गई है। जमुई और अररिया आईजी पी कन्नन के अधीन रहेंगे. जमुई और अररिया जिले आईजी पी कन्नन के अधीन रहेंगे। भागलपुर और नवगछिया का प्रभार आईजी एस प्रेमलता को सौंपा गया है। मधुबनी जिले के लिए आईजी रंजीत कुमार मिश्रा को जिम्मेदारी मिली है। बांका में डीआईजी राजीव रंजन (1) प्रभारी होंगे, जबकि रोहतास के लिए डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो को नियुक्त किया गया है। भभुआ में डीआईजी हरप्रीत कौर, बेगूसराय में डीआईजी मीनू कुमारी और किशनगंज में डीआईजी तौहीद परवेज को जिम्मेदारी दी गई है। शिवहर की कमान डीआईजी सुशील कुमार को सौंपी गई है, जबकि सीतामढ़ी के लिए डीआईजी राशिद जमां को नियुक्त किया गया है। सहरसा और सुपौल की जिम्मेदारी डीआईजी अनिल कुमार को दी गई है। कटिहार में डीआईजी जयकांत प्रभारी होंगे, जबकि मधेपुरा जिले के लिए डीआईजी राजेंद्र कुमार भील को नियुक्त किया गया है।