पटना में अधिवक्ता से हथियार के बल पर लूटपाट : नगद, सोने की चेन और कानूनी दस्तावेज लूटकर ऑटो से फरार हुए अपराधी
पटना के बिक्रम से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक अधिवक्ता के साथ हथियार के बल पर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। अधिवक्ता ने इस बावत थाने में रपट दर्ज कराई है.....
Patna : पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत मकनपुरा ठोकर के समीप बीते शनिवार, 21 नवंबर की शाम अपराधियों ने पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता डॉ. कौशलेंद्र नारायण के साथ लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार, वे अपनी निजी कार से पटना से अरवल जिले के बारा गांव में एक शुभचिंतक के यहां फलदान समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे अलीपुर से आगे मकनपुरा ठोकर के पास घने कोहरे के बीच पहले से खड़े एक ऑटो रिक्शा के कारण जैसे ही उन्होंने गाड़ी धीमी की, तभी लंबे कद और दाढ़ी वाले एक अपराधी ने हाथ में देसी कट्टा लेकर कार के सामने आकर गाड़ी से उतरने को कहा।
कार का शीशा तोड़कर कनपटी पर सटाया कट्टा, ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली मिस होने से टला बड़ा हादसा
अधिवक्ता द्वारा कार से नहीं उतरने पर अपराधी ने कट्टे से ड्राइविंग सीट के बगल वाला शीशा तोड़ दिया और अंदर हाथ डालकर दरवाजा खोल लिया। इसके बाद अपराधी ने उनकी कनपटी पर कट्टा सटाकर फायरिंग कर दी, लेकिन संयोगवश गोली मिस हो गई और फायर नहीं हुआ, जिससे अधिवक्ता की जान बाल-बाल बच गई। इसी दौरान अपराधी के साथ मौजूद एक नाटे कद के युवक ने उनके गले से सोने की चेन खींचकर तोड़ ली तथा बगल की सीट पर रखा ऑफिशियल कैरी बैग लूट लिया। बैग में 1 लाख 35 हजार रुपये नकद, बैंक चेक और महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज रखे हुए थे।
पीछे से आए बिना नंबर वाले ऑटो पर सवार होकर विपरीत दिशा में भागे बदमाश
लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी पीछे से आए एक खाली ऑटो रिक्शा पर सवार होकर विपरीत दिशा की ओर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, भागने के लिए इस्तेमाल किए गए उस ऑटो का नंबर ढका हुआ था ताकि उसकी पहचान न हो सके। घटना के बाद अधिवक्ता ने अपनी कार को पीछे कर कुछ दूरी पर नेउरा के पास एक बंद मकान के सामने रोका और खुद को सुरक्षित करते हुए पुलिस को सूचना दी।
112 पर कॉल के बाद दुल्हिन बाजार और बिक्रम थाने के सीमा विवाद में फंसा रहा मामला, पुलिस मुख्यालय के हस्तक्षेप पर पहुंची पुलिस
अधिवक्ता के अनुसार घटना की सूचना देने के लिए डायल 112 पर फोन किया, तो पहले उन्हें दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र का लोकेशन बताया गया, लेकिन दुल्हिन बाजार पुलिस ने घटनास्थल को बिक्रम थाना क्षेत्र में बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद दोबारा 112 पर कॉल करने और एसएसपी को फोन लगाने का प्रयास करने के बाद पुलिस मुख्यालय पटना से आए कॉल पर उन्होंने पूरी आपबीती बताई। मुख्यालय के निर्देश के बाद बिक्रम थाना पुलिस हरकत में आई और पीड़ित से संपर्क कर घटना की जानकारी ली।
बिक्रम थाने में लिखित आवेदन देकर दर्ज कराई शिकायत, सीसीटीवी व सीडीआर से जांच की मांग
काजीपुर (कदमकुआं), पटना निवासी एवं पटना हाईकोर्ट के चैंबर संख्या 37 के अधिवक्ता डॉ. कौशलेंद्र नारायण ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को बिक्रम थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर अपराधियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।