Bihar News : खान ग्लोबल कोचिंग में फायरिंग मामला, रौशन आनंद की गिरफ़्तारी के बाद ज्ञान बिंदु के टीम लीडर ने जारी किया वीडियो, 'प्री-प्लान्ड' फायरिंग का लगाया आरोप
Bihar News : डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में ज्ञान बिंदु कोचिंग के टीम लीडर आदर्श ने मोर्चा संभाल लिया है। कहा की प्री-प्लान्ड' तरीके से फायरिंग की गयी है....पढ़िए आगे
PATNA : पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर में हुए विवाद और पुलिसिया कार्रवाई के बाद अब यह मामला पूरी तरह गरमा गया है। इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा मोड़ तब आया जब पटना पुलिस ने 'ज्ञान बिंदु कोचिंग' के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया। रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद ने एक नया और गंभीर रूप ले लिया है, जिससे पूरे छात्र और कोचिंग जगत में सनसनी फैल गई है।
डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में ज्ञान बिंदु कोचिंग के टीम लीडर आदर्श ने मोर्चा संभाल लिया है। आदर्श ने मीडिया के सामने आकर फायरिंग का एक सनसनीखेज वीडियो जारी किया है और दावा किया है कि इसी वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आदर्श का आरोप है कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फायरिंग करने वाले लोग कोई और नहीं, बल्कि खुद खान सर के संस्थान से जुड़े लोग हैं। उनके इस खुलासे के बाद मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है।
ज्ञान बिंदु के टीम लीडर आदर्श ने खान सर पर बेहद गंभीर और सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश यानी 'प्री-प्लान्ड' तरीके से अंजाम दी गई थी। आदर्श का दावा है कि खान सर ने खुद अपने सुरक्षा गार्ड से हवाई फायरिंग करवाई थी। उन्होंने खान सर के ही पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि खुद खान सर ने स्वीकार किया था कि उनके कैंपस के गेट के पास 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई थी। अब ज्ञान बिंदु टीम का कहना है कि यह वीडियो खान सर के कैंपस के ठीक बाहर का ही है और इसमें उनके ही लोग शामिल हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान ने सरकार और पुलिस प्रशासन से खान सर की गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है। टीम लीडर आदर्श ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जारी किए गए किसी भी वीडियो में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, तो आखिर पुलिस ने उन्हें किस आधार पर गिरफ्तार किया है? उन्होंने इसे पूरी तरह एकतरफा कार्रवाई बताते हुए निर्दोष को फंसाने की साजिश करार दिया है।
ज्ञान बिंदु टीम ने बिहार सरकार और पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन बिना किसी दबाव के सही और गलत का त्वरित निर्णय करे और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को सजा न दी जाए। फिलहाल, एक बड़े कोचिंग डायरेक्टर की गिरफ्तारी और दूसरे बड़े कोचिंग संचालक पर सीधे आरोपों के बाद पटना का कोचिंग हब पुलिस की पैनी निगरानी में है और मामले की जांच जारी है।
अनिल की रिपोर्ट