मुहर्रम के ताजिया जुलूस के नाम पर नवादा में फैलाई जा रही अफवाह, एक्शन में आई पुलिस... यह गलती की तो बड़ी कार्रवाई

मुहर्रम के ताजिया जुलुस से जुड़े एक कुछ अफवाह जनक सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को लेकर नवादा पुलिस ने ऐसे शरारतीतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Muharrams Tazia procession in Nawada
Muharrams Tazia procession in Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News :  नवादा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। यह वीडियो 26 जून 2026 को प्रसारित हुआ था, जिसमें कौआकोल और वारिसलीगंज थाना परिसर में ताजिया जुलूस के दौरान कुछ व्यक्तियों को लाठी-डंडों के साथ प्रदर्शन करते दिखाया गया था। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा वीडियो और संबंधित तथ्यों की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे भ्रामक, तथ्यहीन और संदर्भ से हटकर प्रस्तुत किए गए हैं। 


जांच के अनुसार, वारिसलीगंज और कौआकोल थाना क्षेत्रों में निकलने वाले ताजिया जुलूसों का निर्धारित और पारंपरिक मार्ग संबंधित थाना परिसरों से होकर गुजरता है। यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है, और हर साल प्रशासन व पुलिस की उपस्थिति में शांतिपूर्ण माहौल में इसका आयोजन होता रहा है। इसी परंपरा के तहत, 26 जून 2026 को मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिया जुलूसों द्वारा थाना परिसर में पारंपरिक रूप से 'पहलाम' की रस्म अदा की गई। इस दौरान जुलूस में शामिल दलों ने अपनी सांस्कृतिक और पारंपरिक कला-कौशल का प्रदर्शन किया, जो स्थानीय परंपरा का हिस्सा है।


कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन और पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। संपूर्ण आयोजन प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद, तनाव या कानून-व्यवस्था की समस्या की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पोलिस ने कहा कि आमजन से अनुरोध है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी भी वीडियो या संदेश को बिना सत्यापन के साझा या प्रसारित न करें। 


साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नवादा पुलिस जनसामान्य को आश्वस्त करती है कि जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य और नियंत्रण में है। सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जा रहे हैं।

अमन की रिपोर्ट