Bihar News : पटना में AI for Healthier Bihar कार्यशाला का हुआ आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया उद्घाटन, 25 इनोवेटर्स ने दिखाए नवाचार

Bihar News : बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से पटना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित 'AI for Healthier Bihar' कार्यशाला का आयोजन किया गया।

Bihar News : पटना में AI for Healthier Bihar कार्यशाला का हु
स्वास्थ्य सुविधाओं में तकनीक पर चर्चा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से आज पटना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर AI for Healthier Bihar कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित विभाग के वरीय अधिकारी, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना (MDHY) के माध्यम से राज्य ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, निगरानी एवं प्रबंधन के लिए मजबूत डिजिटल आधार तैयार किया है। इसी डिजिटल व्यवस्था को और सशक्त बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में AI की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 25 विभिन्न इनोवेटर्स ने AI आधारित नवाचारों एवं समाधानों की प्रदर्शनी लगाई। माननीय स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्रस्तुत तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी ली। कार्यशाला में AI के माध्यम से दवा प्रबंधन, चिकित्सा उपकरणों, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी एवं प्रबंधन को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की पहचान, गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी, संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रकोप का पूर्वानुमान, कैंसर एवं अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग तथा आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में AI की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

AI से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा

कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना आने वाले समय में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा और दशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारा उद्देश्य अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक और AI से जोड़कर उनकी गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि AI का उपयोग दवाओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति प्रबंधन, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवाओं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों तक किया जा सकता है। AI स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, डॉक्टरों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी की चुनौती को कम करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में सहायक हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि AI के माध्यम से दवाओं की मांग, आपूर्ति, स्टॉक की निगरानी एवं भविष्य की आवश्यकता का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। QR कोड, बारकोड एवं बैच नंबर के माध्यम से दवाओं की सप्लाई चेन की निगरानी और उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में भी तकनीकी सहायता ली जा सकती है। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों को AI से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि CT Scan, MRI, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे जैसी जांचों के विश्लेषण में AI का उपयोग कर टीबी, कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद ली जा सकती है। इससे मरीजों की समय पर जांच, बीमारी का निदान एवं उपचार सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने टेलीमेडिसिन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को भी AI एवं डिजिटल तकनीक के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से जोड़कर उचित चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। हमारा संकल्प है कि बिहार के किसी भी ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी वैसी ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले, जैसी शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध है। उन्होंने अस्पतालों में बेड की रियल टाइम उपलब्धता की जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को सामान्य वार्ड, ICU, HDU एवं CCU में उपलब्ध बेड की जानकारी मोबाइल के माध्यम से मिल सकेगी। गंभीर मरीजों को रेफर करने से पहले उपयुक्त अस्पताल की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।

स्मार्ट एंबुलेंस से मरीजों को समय पर मिलेगा बेहतर उपचार

स्वास्थ्य मंत्री ने AI आधारित स्मार्ट एंबुलेंस विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट एंबुलेंस में डिजिटल ECG मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, GPS आधारित लाइव लोकेशन एवं अस्पतालों से डिजिटल संपर्क जैसी सुविधाएं होनी चाहिए। AI की सहायता से मरीज की स्थिति का प्रारंभिक आकलन कर उपयुक्त अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, ICU एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस से ही मरीज की डिजिटल रिपोर्ट संबंधित अस्पताल तक पहुंचाई जाए, ताकि मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसके उपचार की आवश्यक तैयारी की जा सके। इस दिशा में शुरुआती तौर पर कुछ स्मार्ट एंबुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा सकता है।

अधिकारियों को AI समाधानों के व्यावहारिक उपयोग पर काम करने का निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे कार्यशाला में प्रस्तुत AI आधारित समाधानों और डेमोंस्ट्रेशन को अपने संस्थानों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप समझें। यह आकलन करें कि किन तकनीकों को तत्काल लागू किया जा सकता है और किन्हें पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि AI का उपयोग केवल तकनीकी नवाचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ आम मरीजों तक पहुंचना चाहिए। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुलभ, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित बनाया जा सकता है। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न तकनीकी संस्थानों, इनोवेटर्स एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर AI आधारित समाधानों को स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यावहारिक रूप से लागू करने की संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।

सचिव ने कहा

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि आज की इस वर्कशॉप में स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा कई महत्वपूर्ण समाधान प्रस्तुत किए गए। स्वास्थ्य विभाग और राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। चाहे मेडिकल एजुकेशन हो, नर्सिंग हो या मेडिकल केयर, विशेषज्ञों एवं सुपर स्पेशलिस्ट की उपलब्धता अथवा नर्सिंग सेवाओं से जुड़े डेटा के विश्लेषण की चुनौती—इन सभी विषयों पर आज सार्थक चर्चा हुई। आज प्रस्तुत किए गए इन समाधानों से आने वाले समय में हमारे संस्थानों को नई दिशा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों के समाधान में मदद मिलेगी। इसके माध्यम से नई तकनीकों, नवाचारों और AI की संभावनाओं को समझने का अच्छा अवसर मिला है। इस कार्यशाला के आयोजन से भविष्य में कई नई पहलों का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण तरीके से इस वर्कशॉप के आयोजन को लिए विशेष रूप से गेट्स फाउंडेशन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर कुमार रवि, सचिव, स्वास्थ्य विभाग, नवल किशोर चौधरी, कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, सुब्रत कुमार सेन, प्रबंध निदेशक, बीएमएसआईसीएल, वैभव चौधरी, कार्यपालक निदेशक, राज्य आयुष समिति, स्पर्श गुप्ता, अपर कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, सुमित कुमार, परियोजना निदेशक, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार के साथ स्वास्थ्य विभाग और राज्य स्वास्थ्य समिति के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कर्मचारी तथा गेट्स फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर अर्चना व्यास, गेट्स फाउंडेशन के डायरेक्टर, हेल्थ, डॉ. वसंत कुमार के साथ विकास साझेदारों के प्रतिनिधियों, इनोवेटर्स तथा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहें।