Bihar Crime : मसौढ़ी पुलिस टीम पर हमला करने वाले सभी अपराधी गिरफ्तार, आईजी जितेंद्र राणा ने की पुष्टि, मुठभेड़ में एक बदमाश की हुई मौत
Bihar Crime : मसौढ़ी के मनिचक के समीप एसएचओ और एक दरोगा को गोली मारने की घटना में शामिल सभी अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है........पढ़िए आगे
PATNA : जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मनिचक के समीप पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले सभी अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि खुद पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने की है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए कई अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। शनिवार की दोपहर आईजी जितेंद्र राणा खुद मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की छानबीन और घटनास्थल का मुआयना करने मसौढ़ी के मनिचक पहुंचे, जहां पुलिस टीम गिरफ्तार अपराधियों से सघन पूछताछ कर रही है।
दिल दहला देने वाली यह घटना बीते शुक्रवार की देर शाम की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनिचक के पास कुछ हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से एक युवक का अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम बिना वक्त गंवाए बंधक युवक को छुड़ाने और अपराधियों को दबोचने के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने खुद को घिरा पाकर पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अपराधियों द्वारा अचानक की गई इस गोलीबारी में मसौढ़ी थाने के एडिशनल एसएचओ और एक दरोगा को गोली लग गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में दोनों घायल पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें एक शातिर अपराधी को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल उस अपराधी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों पर हुए इस दुस्साहसिक हमले के बाद पटना पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस और विशेष टीमों ने रात में ही मोर्चा संभाला। पुलिस बल ने पूरी रात पटना और उसके आस-पास के अलग-अलग संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कड़े रुख और त्वरित कार्रवाई के चलते घटना में शामिल सभी अपराधियों को रात भर में ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
जितेंद्र राणा, आईजी (पटना रेंज) ने कहा की "पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले का पर्दाफाश किया जा सके।" इस सफल और त्वरित कार्रवाई से पटना पुलिस ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया है। फिलहाल मनिचक और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।
सुजीत की रिपोर्ट