Bihar News : सिपाही भर्ती परीक्षा का पहला चरण संपन्न, 544 केंद्रों पर ली गयी परीक्षा, 7 अभ्यर्थी हुए गिरफ्तार, 10 पर दर्ज हुआ एफआईआर
Bihar News : विभिन्न विभागों में सिपाही और कक्षपाल के 4,236 पदों पर चयन के लिए प्रथम चरण की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई.......पढ़िए आगे
PATNA : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा आयोजित विभिन्न विभागों में सिपाही और कक्षपाल के 4,236 पदों पर चयन के लिए प्रथम चरण की लिखित परीक्षा आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। गृह विभाग के तहत आयोजित इस परीक्षा के लिए राज्य के सभी जिलों में कुल 544 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पालियों सुबह 10:00 से 12:00 बजे और दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे में परीक्षा ली गई। इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 11,04,473 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से आज के पहले चरण के लिए कुल 5,52,236 परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र निर्गत किए गए थे।
तीन विभागों में 4,236 पदों पर बहाली; जिला स्तर पर मुस्तैद रहा प्रशासन
यह वृहद परीक्षा पर्षद के विज्ञापन संख्या 03/2025 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में 'मद्य निषेध सिपाही', कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय में 'कक्षपाल' तथा परिवहन विभाग में 'चलंत दस्ता सिपाही' के पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे। केंद्रों के मुख्य द्वार पर ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और सख्त जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति दी गई।
कमांड एंड कंट्रोल रूम से लाइव स्ट्रीमिंग; जैमर और बायोमेट्रिक से कसी नकेल
पर्षद ने इस बार परीक्षा में धांधली रोकने और इसे पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक विधि से अंगूठे का निशान लिया गया, साथ ही हर कमरे में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके अतिरिक्त, पर्षद मुख्यालय में स्थापित 'कमांड एंड कंट्रोल रूम' से सभी 544 परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग कर सीधी निगरानी की जा रही थी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या ब्लूटूथ के इस्तेमाल को नाकाम करने के लिए सभी केंद्रों को जैमर से पूरी तरह आच्छादित किया गया था।
मुस्तैदी का असर: कदाचार के आरोप में 10 पर FIR, कई जिलों से 7 गिरफ्तार
प्रशासन और पर्षद की इस कड़ी निगरानी के कारण परीक्षा को स्वच्छ वातावरण में कराया गया, हालांकि कुछ केंद्रों पर सेंधमारी की कोशिश कर रहे शातिर पकड़े भी गए। पर्षद द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के दौरान कदाचार के मामलों में कुल 10 अभ्यर्थी संलिप्त पाए गए, जिन पर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें से मौके से ही 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रतिवेदित मामलों के विवरण के तहत पूर्णिया से 2, जबकि कैमूर, नवादा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और अररिया से 1-1 अभियुक्त की गिरफ्तारी हुई है, वहीं गया जिले में भी 1 परीक्षार्थी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
17 जून को होगी अगले चरण की परीक्षा, पर्षद कदाचारमुक्त चयन के लिए कटिबद्ध
कदाचार के छिटपुट मामलों को छोड़कर राज्यभर में पहले चरण की लिखित परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विशेष कार्य पदाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचित किया है कि इस लिखित परीक्षा के अगले चरण की तिथि 17 जून 2026 को निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा, जांच, लाइव स्ट्रीमिंग और जैमर की यही समरूप व्यवस्थाएं आगे आने वाले चरणों की परीक्षाओं में भी सख्ती से लागू रहेंगी। पर्षद ने दोहराया है कि वह राज्य में पूरी तरह मेधा आधारित और कदाचार मुक्त परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
अनिल की रिपोर्ट