Andhra Pradesh accident: सड़क पर मौत का मंजर, बस हादसे में 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Andhra Pradesh accident: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम में बस और लोरी की टक्कर के बाद आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई घायल हो गए। इस पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया।

Andhra Pradesh accident
आंध्र में खौफनाक सड़क हादसा- फोटो : social media

Andhra Pradesh accident: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में गुरुवार (26 मार्च 2026) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक निजी बस और टिपर लोरी की टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी टक्कर एक टिपर लोरी से हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे कई यात्री बाहर निकल नहीं पाए और जलकर उनकी मौत हो गई।

 18 से 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

मार्कापुरम के डीएसपी नागराजू ने बताया कि कई लोग आग में फंस गए थे। उन्होंने कहा कि करीब 18 से 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर हालत में हैं।

इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और अधिकारियों को तुरंत हालात की जानकारी लेकर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने हादसे की पूरी जांच कराने को कहा है। आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है और सरकार घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हर संभव प्रयास करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके।