Bihar Police Attack: मतगणना से पहले पुलिस पर हमला ! 3 महिला सिपाही सहित 4 जवान जख्मी, शराबियों को भी छुड़ाया
Bihar Police Attack: अथमलगोला में बाढ़ मद्य निषेध विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया है। आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से दो शराबियों को छुड़ाया। इस घटना में चार जवान जख्मी हो गए हैं।
Bihar Police Attack: राजधानी पटना से सटे बाढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार बाढ़ के अथमलगोला में असामाजिक तत्वों ने मद्य निषेध विभाग की टीम पर हमला किया है। बताया जा रहा है कि गंजपर गांव के समीप बीते रात एनएच 31 पर बाढ़ मद्य निषेध विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर पकड़े गए दो शराबियों को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। वहीं पुलिस की ब्रेथ एनालाइजर मशीन भी छीन लिया इस दौरान तीन महिला समेत चार जवान मामूली रुप से जख्मी हो गए।
चार जवान जख्मी
इस घटना में पुलिस की चार गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने जख्मी चारों जवानों का इलाज पीएचसी में करवाया। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बाढ़ मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की रात हमारी टीम की सहायक अवर निरीक्षक पिंकी कुमारी के नेतृत्व में छह गाड़ी से जवान रुटीन जांच हेतु क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के गंजपर गांव के समीप सड़क किनारे शराब के नशे में कुछ लोग हंगामा कर रहे थे।
पुलिस टीम पर हमला
हंगामा देख हमारी टीम के लोगों ने गाड़ी रोक दिया। गाड़ी रुकते ही सभी लोग भागने लगे। जिसमें पुलिस ने दो शराबियों को पकड़ गाड़ी में बैठा लिया और उनकी जांच ब्रेथ एनालाइजर मशीन से करने लगे, इतने में असामाजिक तत्वों ने पुलिस की गाड़ी पर ईट एवं डंडे से हमला कर पकड़े गए दोनों शराबियों को छुड़ा लिया साथ ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन भी छीन लिया। इस हमले में टीम की चार गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं तीन महिला जवान एवं एक होम गार्ड जवान को चोटें आई है।
तीन महिला सिपाही सहित 4 जवान घायल
घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाने की पुलिस दल बल के साथ पहुंच जख्मी जवान निधि प्रिया, निगम कुमारी, कविता कुमारी एवं सतेंद्र पासवान को इलाज हेतु अथमलगोला पीएचसी ले गए। जहां इलाज के बाद सभी को छुट्टी मिल गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात गंजपर गांव के समीप बाढ़ मद्य निषेध की टीम ने शराब पीने के आरोप में दो लोगों को पकड़े गए थे। जिसके बाद असामाजिक तत्वों ने हमला कर दोनों को छुड़ा लिया।
नामजद आरोपी गिरफ्तार
जिसमें पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुई है वही कुछ जवानों को मामूली चोटें आई है। जिसका इलाज करवाया गया है। मद्य निषेध की सहायक अवर निरीक्षक पिंकी कुमारी के बयान पर पुलिस 14 नामजद एवं 10 - 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, पुलिस नामजद एक आरोपित सुखदेव राय को गिरफ्तार किया है। जिसे बुधबार को जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस छापेमारी कर रही हैं।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट