Bihar News : पटना में बिल्डर के घर में घुसकर असामाजिक तत्वों ने की महिलाओं से मारपीट, पीड़ित ने प्रॉपर्टी का कब्ज़ा करने का लगाया आरोप

Bihar News : राजधानी में एक परिवार के महिलाओं पर अचानक घर में घुसकर अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है .....पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में बिल्डर के घर में घुसकर असामाजिक तत्वों
महिलाओं से मारपीट - फोटो : ANIL

PATNA : पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शनिवार की सुबह कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक घर में जबरन घुसकर महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ मचाई। पूरा मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ तारकेश्वर पथ का है। इस घटना के बाद से इलाके के लोग दहशत में हैं, वहीं पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

बिल्डर गए थे गया, पीछे से पत्नी-बेटी पर हुआ हमला

पीड़ित बिल्डर संजय सिंह ने बताया कि वह शनिवार को अपने किसी निजी काम से गया जी गए हुए थे। इसी दौरान सुबह के वक्त उनके घर पर असामाजिक तत्वों ने धावा बोल दिया। घटना की जानकारी उनकी पत्नी और बेटी ने फोन पर रोते हुए दी कि कुछ लोग घर में घुसकर उनके साथ मारपीट कर रहे हैं और घर के सामानों को तोड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही बिल्डर आनन-फानन में पटना पहुंचे और तुरंत कंकड़बाग थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।

"प्रॉपर्टी पर है दबंगों की नजर, भाई के मकान पर भी कर चुके हैं कब्जा"

बिल्डर संजय सिंह के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर चिरैयाटांड़ स्थित जमीन खरीदकर मकान बनवाया था, जिस पर इलाके के कुछ दबंगों की काफी समय से नजर है। उन्होंने एक गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि इससे पहले इन असामाजिक तत्वों ने उनके भाई के मकान को भी जबरन खाली कराकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया था। अब इन दबंगों की नजर उनकी अपनी कीमती प्रॉपर्टी पर है और इसी नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

थाने पहुंचे दोनों पक्ष, जांच में जुटी कंकड़बाग पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामले की पड़ताल की। पीड़ित परिवार की ओर से मारपीट, तोड़फोड़ और सुरक्षा की गुहार लगाते हुए थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। दूसरी ओर, विवाद बढ़ता देख दूसरे पक्ष के लोग भी अपनी बात रखने के लिए कंकड़बाग थाना पहुंचे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और आवेदन मिलने के बाद अब कंकड़बाग थाना पुलिस जमीन के कागजातों और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच कर रही है। अब देखना यह होगा कि पटना पुलिस इस मामले में क्या रुख अपनाती है और दोषियों के खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई की जाती है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट