अपने करीबी छोटू सिंह के जदयू से निष्कासन पर खूब बरसे अशोक चौधरी, पुनर्विचार पर दो टूक बोले

, जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छोटू सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। छोटू सिंह को मंत्री अशोक चौधरी का करीबी माना जाता है। अब अशोक चौधरी ने एक बड़ा बयान दिया है.

Ashok Choudhary on Chhotu Singh
Ashok Choudhary on Chhotu Singh- फोटो : news4nation

Ashok Choudhary : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने अपने करीबी सहयोगी छोटू सिंह को जेडीयू से निष्कासित किए जाने के मामले में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, वह सही है, लेकिन भविष्य में इस मामले पर पुनर्विचार की जरूरत महसूस हुई तो पार्टी इस पर फैसला करेगी। अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और संगठन ही आगे इस मामले में कोई निर्णय लेगा। दरअसल, जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छोटू सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। छोटू सिंह को मंत्री अशोक चौधरी का करीबी माना जाता है। उनके निष्कासन के बाद बिहार की राजनीति में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई थी। अब अशोक चौधरी ने कहा है कि अगर आगे पुनर्विचार की आवश्यकता हुई तो पार्टी इस पर विचार करेगी।


तेजस्वी यादव पर  तंज

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के लंबे समय से सार्वजनिक तौर पर सक्रिय नहीं रहने और उनके कथित तौर पर गायब रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “हम तो चाहते हैं कि चार महीने बाहर रहें, क्या फर्क पड़ने वाला है? यह राष्ट्रीय जनता दल से पूछिए कि वह कहां हैं?” अशोक चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव के नहीं रहने से बिहार की राजनीति पर कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने इस मामले को आरजेडी का आंतरिक विषय बताया।


पंचायतों में टैक्स के मुद्दे पर विपक्ष पर हमला

पंचायतों में टैक्स लगाए जाने को लेकर विपक्ष की ओर से सरकार पर निशाना साधे जाने के सवाल पर अशोक चौधरी ने आरजेडी पर तीखा हमला बोला। विपक्ष के इस आरोप पर कि सरकार अपना खजाना भरने के लिए जनता पर टैक्स का बोझ डाल रही है, उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास के लिए संसाधनों की जरूरत होती है। उन्होंने आरजेडी के पुराने शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन लोगों के समय में “लाठी पिलावन रैली” की बात होती थी और मुख्यमंत्री आवास में लौंडा नाच होता था। अशोक चौधरी ने कहा कि इसी तरह की राजनीति करने वाले लोग पंचायतों के विकास के लिए लगाए गए टैक्स पर सवाल उठा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि पंचायतों का विकास कैसे होगा, इसके लिए संसाधन जरूरी हैं। पंचायतों के विकास और स्थानीय स्तर पर सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से टैक्स लगाने का फैसला किया गया है।


वन नेशन, वन इलेक्शन का समर्थन

वन नेशन, वन इलेक्शन के मुद्दे पर अशोक चौधरी ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग को चुनाव कराने की तैयारी के लिए छह महीने का समय चाहिए तो इसमें कोई समस्या नहीं है। चुनाव एक बड़ी प्रक्रिया है और इसके लिए व्यापक तैयारी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार चुनाव होते रहने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में वन नेशन, वन इलेक्शन एक अच्छा विचार है। इससे बार-बार होने वाले चुनावों के कारण विकास कार्यों पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सकता है।


अपराधियों का मुठभेड़ सही 

पटना के बंटी यादव हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के मामले पर भी अशोक चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो अपराधी हैं, उनके साथ वही होगा जो पुलिस करती है। उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिस की कार्रवाई नियमों के तहत होती है और कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई की जाती है। 

अभिजीत की रिपोर्ट