अटल जी की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने किया नमन, PM मोदी से CM सम्राट चौधरी तक ने दी श्रद्धांजलि, याद किए राष्ट्रसेवा और सुशासन के पुरोधा
Atal Bihari Vajpayee: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। ...
Atal Bihari Vajpayee: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। 16 अगस्त 2018 को दुनिया को अलविदा कहने वाले अटल जी की स्मृति में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें नमन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित पूर्व प्रधानमंत्री के स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को अद्भुत दूरदर्शिता वाले असाधारण राजनेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरणा दी और उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
पीएम मोदी ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण पर अटल जी का जोर हमेशा देश का मार्गदर्शन करता रहेगा। गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
गृहमंत्री अमित शाह ने अटल जी को ऐसा देशभक्त राजनेता बताया, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया।वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि। अटल जी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रणेता थे। उनके विचार और आदर्श सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने देशहित, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटल जी की प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का विराट व्यक्तित्व और ओजस्वी वाणी हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक जीवन में पोखरण परमाणु परीक्षण को भारत की सामरिक शक्ति के प्रदर्शन के रूप में महत्वपूर्ण माना जाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु क्षमता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी अटल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अटल जी की कविता, वक्तृत्व शैली, लोकतांत्रिक सोच और राष्ट्रसेवा की विरासत आज भी भारतीय राजनीति में प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।