बांकीपुर उपचुनाव: चुनाव आयोग पहुंचा BJP प्रतिनिधिमंडल, प्रशांत किशोर के चुनावी खर्च को लेकर की शिकायत
बांकीपुर विधान सभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। बीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मिलकर'जन सुराज' के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च की तय सीमा का उल्लंघन करने आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है....
Patna : बिहार विधानसभा के बांकीपुर सीट पर हो रहे उपचुनाव के बीच सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिला। भाजपा नेताओं ने 'जन सुराज' के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च की तय सीमा का उल्लंघन करने, फर्जी कंपनियों के जरिए बेहिसाब पैसा बहाने और सोशल मीडिया पर विदेशी बॉट नेटवर्क व फर्जी अकाउंट्स के माध्यम से मतदाताओं को भ्रमित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
चुनावी खर्च की सीमा का उल्लंघन, करोड़ों रुपये बहाने का आरोप
चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकतंत्र में नियम सबके लिए बराबर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने आयोग द्वारा तय 40 लाख रुपये के चुनावी खर्च की सीमा को लांघकर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए हैं। भाजपा ने इस संबंध में साक्ष्यों का पुलिंदा चुनाव आयोग को सौंपा है।
'सिंपल सेंस' और 'न्यूज लाइटहाउस' जैसी कंपनियों की ED से जांच की मांग
शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि चुनावी खर्च छुपाने के लिए 'सिंपल सेंस एनालिटिक्स प्राइवेट लिमिटेड' और 'न्यूज लाइटहाउस एलएलपी' जैसी कंपनियों के जरिए सोशल मीडिया पर प्रचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फर्जी अकाउंट्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भारी भुगतान कर चुनाव में एक बनावटी (कृत्रिम) माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। इन कंपनियों के तार सीधे प्रशांत किशोर से जुड़े होने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने मामले की प्रवर्तन निदेशालय (ED) से भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विदेशों से संचालित हो रहे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स: मिथिलेश तिवारी
बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को कई ऐसे संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी दी है, जिनकी लोकेशन भारत से बाहर (विदेशों में) पाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी धरती से संचालित इन फर्जी अकाउंट्स के जरिए बिहार के राजनीतिक माहौल को बिगाड़ने और शीर्ष नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का कुचक्र रचा जा रहा है।
कानून का उल्लंघन कर रही जन सुराज, जनता देगी जवाब: जीवेश मिश्रा व जनक राम
पूर्व मंत्री और विधायक जीवेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर खुलेआम 'जनप्रतिनिधित्व कानून' का उल्लंघन कर रहे हैं। भाजपा ने सभी वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज चुनाव आयोग को सौंप दिए हैं और आयोग से तुरंत कार्रवाई की अपील की है। वहीं बीजेपी के मुख्य सचेतक जनक राम ने कहा कि बांकीपुर की समझदार जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है। बाहरी तत्वों और डिजिटल भ्रम फैलाने वालों को मतदाता आने वाले चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देंगे।
प्रतिनिधिमंडल में ये प्रमुख नेता रहे शामिल
निर्वाचन आयोग से मिलने गए नेताओं में मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, एमएलसी जनक राम, विधायक मनोज शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रभात मालाकार और चुनाव आयोग सेल के संयोजक राकेश ठाकुर मुख्य रूप से शामिल रहे। भाजपा ने आयोग से आचार संहिता और चुनावी कानूनों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
नरोत्तम की रिपोर्ट