सीआरपीएफ जवान के अंतिम संस्कार में आए युवक की गंडक नदी में डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम

सीआरपीएफ जवान के अंतिम संस्कार में आए युवक की गंडक नदी में ड
गंडक नदी में डूबने से युवक की मौत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर निवासी शहीद पिंटू कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक 20 वर्षीय युवक की गंडक नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना हाजीपुर के प्रसिद्ध कोनहारा घाट की है, जहां दाह संस्कार के बाद नदी में स्नान करने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया।


मृतक की पहचान राजापाकड़ थाना क्षेत्र के बखरी सुपाइन निवासी फकीरा राय के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अमन चार भाइयों में सबसे बड़ा था और एक स्थानीय कपड़ा दुकान में काम करके अपने परिवार का सहारा बनता था। शहीद के अंतिम दर्शन और दाह संस्कार में शामिल होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ कोनहारा घाट पर गंडक नदी में नहाने गया था।


नहाने के क्रम में अमन अचानक संतुलन खो बैठा और गंडक नदी के गहरे पानी में समा गया। पास में मौजूद लोगों ने उसे डूबते देख शोर मचाया और बचाने की कोशिश भी की, लेकिन पानी का बहाव तेज और गहरा होने के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में चीख-पुकार मच गई तथा स्वजन आनन-फानन में कोनहारा घाट पहुँचे।


स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुँची। एसडीआरएफ की टीम ने गंडक नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।


घटनास्थल पर पहुँचे नगर थाना के एसआई राहुल कुमार ने मामले की छानबीन करते हुए आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। शहीद के अंतिम संस्कार के दौरान हुई इस अनहोनी से पूरा इलाका और परिजन गहरे शोक में डूब गए हैं।


रिषभ की रिपोर्ट