पटना को मिला एक और आधुनिक मल्टीप्लेक्स, कॉनप्लेक्स सिनेमाज का बिहार में 13वां और पटना में छठा सिनेमा हॉल शुरू

पटना को मिला एक और आधुनिक मल्टीप्लेक्स, कॉनप्लेक्स सिनेमाज क
पटना में छठा सिनेमा हॉल शुरू- फोटो : रोहित

Patna : भारत की तेजी से उभरती और विस्तार कर रही मल्टीप्लेक्स श्रृंखला 'कॉनप्लेक्स सिनेमाज' ने पटना के खगौल में अपने नए स्मार्ट-फॉर्मेट मल्टीप्लेक्स का भव्य शुभारंभ किया। इसका औपचारिक उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने पारंपरिक रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह शुरुआत बिहार के चौमुखी विकास में सहचर की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार से न केवल आम लोगों को बेहतर और विश्वस्तरीय सिनेमा का अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।


कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार एवं रोहित कुमार सपन ने बताया कि खगौल में नए मल्टीप्लेक्स की शुरुआत के साथ ही अब बिहार में कंपनी के कुल 13 और पटना में 6 सिनेमा हॉल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य राज्य के उभरते शहरों और कस्बों में दर्शकों को विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव प्रदान करना है। आने वाले समय में बिहार के अन्य प्रमुख शहरों में भी नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।


खगौल स्थित इस नए कॉनप्लेक्स सिनेमाज में कुल 3 आधुनिक स्क्रीन बनाई गई हैं, जिनकी कुल दर्शक क्षमता 150 सीटों की है। दर्शकों के आराम और लग्जरी अनुभव के लिए कपल लाउंजर, सोफा लाउंजर और मिलर्स जैसी प्रीमियम सीटिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 2K प्रोजेक्शन, 3D तकनीक और डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड जैसे अत्याधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि दर्शकों को बेहतरीन ऑडियो-विजुअल का आनंद मिल सके।


रोहित की रिपोर्ट