बांकीपुर उपचुनाव: रेखा गुप्ता के नाम पर राजद की आधिकारिक मुहर, प्रदेश अध्यक्ष ने किया ऐलान

पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी ने एकबार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने उनके नाम का एलान किया है....

बांकीपुर उपचुनाव: रेखा गुप्ता के नाम पर राजद की आधिकारिक मुह
राजद का प्रत्याशी फाइनल- फोटो : रंजन कुमार

Patna : पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने पत्ते पूरी तरह खोल दिए हैं। पिछले कई दिनों से चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बांकीपुर सीट से रेखा गुप्ता को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी आलाकमान की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद सिंबल की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जिससे अब बांकीपुर का चुनावी रण पूरी तरह सज चुका है।


लालू और तेजस्वी ने फिर जताया भरोसा: 2025 के बाद दोबारा मिला टिकट

रेखा गुप्ता पर राजद नेतृत्व ने एक बार फिर बड़ा दांव खेला है। इससे पहले वे वर्ष 2025 के मुख्य विधानसभा चुनाव में भी इसी बांकीपुर सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली थी, लेकिन क्षेत्र में लगातार उनकी सक्रियता, जमीनी पकड़ और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच उनके सामंजस्य को देखते हुए लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने उन पर दोबारा भरोसा जताना बेहतर समझा।


त्रिकोणीय और दिलचस्प हुआ मुकाबला: प्रशांत किशोर की चुनौती के बीच परीक्षा

रेखा गुप्ता के नाम का आधिकारिक ऐलान होने के बाद बांकीपुर का उपचुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। यह सीट भाजपा के नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के सामने अपने इस शहरी गढ़ को बचाने की बड़ी चुनौती है, वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने खुद यहां से चुनाव लड़ने का ऐलान कर इस मुकाबले को बेहद हाई-प्रोफाइल बना दिया है। अब राजद की ओर से रेखा गुप्ता के मैदान में उतरने से यहाँ मुकाबला कड़ा और त्रिकोणीय हो गया है।


शहरी मतदाताओं को साधने की रणनीति: राजद खेमे में बढ़ी सरगर्मी

बांकीपुर मुख्य रूप से पटना का एक प्रमुख शहरी विधानसभा क्षेत्र माना जाता है, जहां का मिजाज पारंपरिक रूप से अलग रहा है। राजद ने रेखा गुप्ता को दोबारा मैदान में उतारकर महिला मतदाताओं के साथ-साथ जातिगत और सामाजिक समीकरणों को अपने पाले में करने की रणनीति बनाई है। टिकट की आधिकारिक घोषणा होते ही राजद खेमे और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में भारी सरगर्मी देखी जा रही है, और पार्टी ने चुनाव प्रचार की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है।


अब भाजपा की सूची का इंतजार: जल्द हो सकता है उम्मीदवार का नाम साफ

राजद की ओर से उम्मीदवार के नाम का ऐलान होने और जन सुराज की तरफ से प्रशांत किशोर के खुद मैदान में होने के बाद, अब सबकी निगाहें पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पाले पर टिक गई हैं। भाजपा कोर कमेटी की बैठकों का दौर पूरा हो चुका है और माना जा रहा है कि दिल्ली आलाकमान से अंतिम मंजूरी मिलते ही भाजपा भी अगले चौबीस से अड़तालीस घंटों के भीतर अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगी, जिसके बाद बांकीपुर की जंग और भी साफ हो जाएगी।

रंजन की रिपोर्ट