बांकीपुर से महागठबंधन उम्मीदवार रेखा गुप्ता का बड़ा दावा: बांकीपुर में मेरे सामने कोई चुनौती नहीं, बीजेपी इस बार पिछड़ेगी

बांकीपुर विधान सभा उपचुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से टिकट मिलते ही रेखा गुप्ता ने जीत का दावा कर दिय है। कहा कि इस सीट पर उनके सामने कोई चुनौती नहीं है और वे चुनाव जीतने जा रही है। बीजेपी की गढ मानी जाने वाली इस सीट पर इसबार भाजपा पिछड़ेगी...

बांकीपुर से महागठबंधन उम्मीदवार रेखा गुप्ता का बड़ा दावा: बा
टिकट मिलते ही रेखा गुप्ता का जीत का दावा- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए महागठबंध की ओर से राष्ट्रीय जनता दल द्वारा दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने पर रेखा गुप्ता ने पार्टी आलाकमान और शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार जताया है। टिकट मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने बेहद आत्मविश्वास के साथ कहा कि बांकीपुर की जनता का पूरा स्नेह और आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है। उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा, "इस बार बांकीपुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल भारी मतों से चुनाव जीतने जा रही है, मेरे सामने यहां कोई चुनौती नहीं है। पहले भी कई चुनौतियां आई थीं, लेकिन मैंने दृढ़ता से उनका सामना किया और जनता का भरपूर समर्थन हासिल किया। इस बार भी इतिहास दोहराया जाएगा।"


प्रशांत किशोर पर सीधा तंज: "राजनीति करने वाले और रणनीति बनाने वाले में फर्क होता है"

चुनावी मैदान में खुद उतरे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) पर तीखा हमला बोलते हुए रेखा गुप्ता ने उन्हें जमीनी हकीकत का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी पहले भी बांकीपुर से चुनाव लड़ चुकी है, लेकिन उन्हें समझना होगा कि एक 'राजनीतिकार' (जमीनी राजनेता) और एक 'रणनीतिकार' (कमरे में बैठकर रणनीति बनाने वाले) में बहुत बड़ा फर्क होता है। रेखा गुप्ता ने साफ किया कि राष्ट्रीय जनता दल अपनी पूरी सांगठनिक ताकत और जमीनी कार्यकर्ताओं के दम पर यह चुनाव लड़ रहा है, जिसके आगे विरोधी कहीं नहीं टिकेंगे।


बीजेपी पर हमला: "40 साल बनाम 4 साल, इस बार पीछे छूटेगी भाजपा"

पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर रेखा गुप्ता ने स्थानीय मतदाताओं के सामने एक नया और भावनात्मक दांव खेला है। उन्होंने बांकीपुर की जनता से एक भावुक अपील करते हुए कहा, "यहां की जनता ने एक ही पार्टी (भाजपा) को लगातार 40 साल देकर देख लिए हैं। मैं बांकीपुर की बेटी और एक महिला होने के नाते आपसे सिर्फ 4 साल का मौका मांग रही हूं। आप मुझे सेवा का अवसर दें, मैं आपके इस भरोसे और विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरूंगी।" उन्होंने दावा किया कि इस बार के समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं और भाजपा इस चुनाव में बहुत पीछे छूटने वाली है।

रंजन की रिपोर्ट