बांकीपुर उपचुनाव: एसएसपी और ट्रैफिक एसपी का सख्त फरमान, चुनाव प्रचार पर रोक, बाहरी लोगों को क्षेत्र छोड़ने का आदेश
बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव का 30 जुलाई को वोटिंग होने है। आज चुनाव प्रचार का समय-सीमा खत्म होने के बाद पटना एसएसपी ने सख्त निर्देश जारी किये है.....
Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि चुनाव प्रचार की समय-सीमा समाप्त होने के बाद यदि कोई भी व्यक्ति प्रचार करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ प्राथमिकी (कांड) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रात के समय मतदाताओं को प्रलोभन देने या प्रभावित (Influence) करने की कोशिश करने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
बांकीपुर के गैर-निवासियों को तुरंत क्षेत्र छोड़ने का आदेश, सघन वाहन जांच अभियान जारी
एसएसपी ने निर्देश दिया है कि जो लोग बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी या मतदाता नहीं हैं और चुनाव प्रचार के सिलसिले में यहां आए थे, उन्हें तुरंत निर्वाचन क्षेत्र खाली करना होगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से शहर भर में सघन वाहन चेकिंग और विभिन्न स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम: 14 केंद्रीय कंपनियां, जिला पुलिस बल और होमगार्ड तैनात
उपचुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, मतदान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 14 केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियों (CAPF) के साथ-साथ पटना जिला पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों को मुस्तैद किया गया है।
एएन कॉलेज में बनाया जाएगा वज्र गृह (Strong Room), सुरक्षा में जमा होंगी सभी ईवीएम
पटना के ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद एएन कॉलेज (AN College) परिसर में वज्र गृह बनाया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी ईवीएम (EVM) लाकर इसी वज्र गृह में कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित स्टोर की जाएंगी।
बोरिंग रोड से एएन कॉलेज मार्ग आम लोगों के लिए रहेगा बंद, रूट में बदलाव
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जानकारी दी कि वज्र गृह और ईवीएम जमा होने की प्रक्रिया के दौरान एएन कॉलेज के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज जाने वाला रास्ता आम नागरिकों के आवागमन के लिए पूरी तरह बंद रहेगा और लोगों को आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों (Alternative Routes) का प्रयोग करना होगा।