बांकीपुर उपचुनाव : पटना के दलदली रोड में EVM बदलने की सूचना पर हंगामा, मौके पर पहुंचे प्रशांत किशोर

बांकीपुर उपचुनाव : पटना के दलदली रोड में EVM बदलने की सूचना
दलदली रोड में EVM बदलने की सूचना पर हंगामा- फोटो : अनिल कुमार

Patna: बिहार की राजधानी पटना के दलदली रोड स्थित मतदान केंद्र संख्या 143 पर उस समय अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब EVM बदले जाने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और समर्थकों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बिगड़ते हालात पर काबू पाया।


पुलिस फोर्स और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति पर पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर भी तुरंत मतदान केंद्र पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान केंद्र के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी, जिन्हें पुलिस ने शांत कराया और निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिया।


143 नंबर मतदान केंद्र पर तकनीकी खराबी के कारण बदला गया EVM

हंगामे की खबर मिलते ही प्रशासनिक और चुनाव अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले को स्पष्ट करते हुए बताया कि मतदान केंद्र पर पहले से मौजूद चार EVM मशीनें तकनीकी रूप से खराब हो गई थीं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमानुसार उन मशीनों को तत्काल बदलने का फैसला लिया गया।


53 पड़े वोटों को किया गया नोटमतगणना के समय जुड़ेंगे आंकड़े

अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि खराब हुई मशीन में हंगामा होने तक कुल 53 वोट दर्ज हो चुके थे। इन पड़े हुए वोटों की संख्या को आधिकारिक रजिस्टर में दर्ज (नोट डाउन) कर लिया गया है, ताकि मतगणना के दिन इन वोटों को अंतिम परिणाम में जोड़ा जा सके।


नए EVM के साथ मतदान प्रक्रिया फिर से हुई सुचारू

मामले का समाधान होने के बाद निर्वाचन आयोग के अधिकारियों द्वारा नया EVM लाया गया और पूरी सतर्कता के साथ मतदान की प्रक्रिया को फिर से शुरू कराया गया। फिलहाल मतदान केंद्र पर स्थिति पूरी तरह शांत है और मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।


अनिल की रिपोर्ट