बांकीपुर में भाजपा का पलड़ा कितना भारी, किससे है मुकाबला, नीतीश के करीबी अशोक चौधरी का बड़ा खुलासा

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

Ashok Choudhary on Bankipur Bypoll
Ashok Choudhary on Bankipur Bypoll- फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में कोई लड़ाई नहीं है और लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह है। चौधरी ने दावा किया कि नीरज कुमार सिन्हा, भाजपा के पूर्व विधायक और अब राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की पिछली जीत से भी अधिक वोटों के अंतर से चुनाव जीतेंगे।


अशोक चौधरी ने कहा कि जिस व्यक्ति ने अब तक विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पर्चे बांटने वाले एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में काम किया, उसे नितिन नवीन ने उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। भविष्य में विधायक और सांसद बनने की उम्मीद रखने वाले कार्यकर्ता भी पूरी ताकत से चुनाव अभियान में जुटे हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति पहलवानी में पहले राउंड में ही भाग जाता है, वह भी जोर-जोर से ताल ठोक रहा है। 

 

30 जुलाई को मतदान

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।


भाजपा का मजबूत गढ़

बांकीपुर 1995 से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बाद 2006 के उपचुनाव में नितिन नवीन पहली बार जीते और 2010, 2015, 2020 तथा 2025 में भी लगातार जीत दर्ज की। 2025 में नितिन नवीन ने 51,936 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई है।