बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी ने भरा नामांकन, भाजपा के गढ़ में इनसे होगा मुकाबला

भाजपा ने इस प्रतिष्ठित सीट से अभिषेक कुमार पर भरोसा जताया है। कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और उन्हें एक जमीनी तथा संगठननिष्ठ नेता के रूप में जाना जाता है।

Bankipur Bypoll BJP Candidate Abhishek Kumar
Bankipur Bypoll BJP Candidate Abhishek Kumar- फोटो : news4nation

Bankipur Bypoll BJP Candidate Abhishek Kumar : पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचकर उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने इस मौके को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी पेश किया।


घर से निकलने से पहले अभिषेक कुमार ने मां के चरण स्पर्श किए और पिता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। नामांकन से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "नामांकन करने से पूर्व सर्वप्रथम जन्मदाता माताजी एवं पिताजी को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आप दोनों के त्याग, साथ और समर्थन के लिए सदैव ऋणी रहूँगा।"


भाजपा का गढ़ 

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद कराया जा रहा है। इस सीट पर नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। वर्ष 1995 से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। पहले नवीन प्रसाद यहां से विधायक रहे। उनके निधन के बाद 2006 से नितिन नवीन लगातार इस सीट से चुनाव जीतते रहे और अब उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई है।


कौन हैं अभिषेक 

भाजपा ने इस प्रतिष्ठित सीट से अभिषेक कुमार पर भरोसा जताया है। कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और उन्हें एक जमीनी तथा संगठननिष्ठ नेता के रूप में जाना जाता है। करीब 26 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े अभिषेक कुमार ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर काम किया है। उन्होंने बूथ स्तर से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और पाटलिपुत्र मंडल, कृष्णा मंडल, पटना महानगर युवा मोर्चा तथा बिहार प्रदेश युवा मोर्चा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान रही है।


पटना महानगर भाजयुमो के अध्यक्ष

वर्तमान में अभिषेक कुमार भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे पटना महानगर भाजयुमो के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पार्टी का मानना है कि संगठन में उनके लंबे अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता का लाभ उपचुनाव में मिलेगा। अब बांकीपुर सीट पर भाजपा, राजद और अन्य दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।


राजद और जनसुराज का नामांकन 

इधर, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो गुरुवार को ही नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को अपना नामांकन करेंगे। इसके साथ ही बांकीपुर उपचुनाव का चुनावी मुकाबला पूरी तरह रोचक हो गया है और सभी प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।