माँ के चरण छूकर नामांकन भरने निकले भाजपा के अभिषेक बंटी, बांकीपुर उपचुनाव में NDA का शक्ति प्रदर्शन
यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली होने के कारण कराया जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। 30 जुलाई को मतदान होगा
Bankipur Bypoll BJP Candidate Abhishek : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने गुरुवार को नामांकन दाखिल करने से पहले अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। घर से निकलने से पहले उन्होंने मां के चरण स्पर्श किए और पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि माता-पिता का साथ और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। नामांकन से पहले अभिषेक कुमार ने सोशल मीडिया पर भी भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "नामांकन करने से पूर्व सर्वप्रथम जन्मदाता माताजी एवं पिताजी को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आप दोनों के त्याग, साथ और समर्थन के लिए सदैव ऋणी रहूँगा।"
इसके बाद अभिषेक कुमार महावीर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और फिर गांधी मैदान स्थित समाहरणालय में बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के बाद समर्थकों को संबोधित करने के लिए एक जनसभा का भी आयोजन किया गया है। अभिषेक कुमार के नामांकन कार्यक्रम को एनडीए ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में तैयार किया है। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
भाजपा का गढ़
यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली होने के कारण कराया जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस सीट पर वर्ष 1995 से भाजपा का कब्जा है। पहले नवीन प्रसाद यहाँ से विधायक थे और उनके निधन के बाद 2006 से नितिन नवीन लगातार चुनाव जीतते रहे हैं।
राजद और जनसुराज का नामांकन
इधर, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो गुरुवार को ही नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को अपना नामांकन करेंगे। इसके साथ ही बांकीपुर उपचुनाव का चुनावी मुकाबला पूरी तरह रोचक हो गया है और सभी प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।