Patna Bankipur By Election:बांकीपुर उपचुनाव पर सियासी वार-पलटवार, PK की एंट्री से बढ़ी हलचल, संजय झा का तीखे बोल, कहा-जनता मालिक है, NDA भारी जीत की ओर

Patna Bankipur By Election: बिहार की सियासत में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह सियासी गरमाहट और बयानबाज़ी से भर गया है। ...

Bankipur Bypoll Heats Up PK Entry
बांकीपुर उपचुनाव पर सियासी वार-पलटवार- फोटो : reporter

Patna Bankipur By Election: बिहार की सियासत में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह सियासी गरमाहट और बयानबाज़ी से भर गया है। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) के मैदान में उतरने के बाद मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। इसी बीच जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए साफ कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है और जनता ही असली मालिक होती है। संजय झा ने बांकीपुर उपचुनाव को सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि पूरे बिहार की प्रतिष्ठा का चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है और यहां का परिणाम आने वाले समय की दिशा तय कर सकता है।

प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि जनता ही अंतिम निर्णय देती है और वही असली निर्णायक शक्ति है।

संजय झा ने भाजपा नेतृत्व पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और यह अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह अपने तरह का पहला उदाहरण है जब किसी राज्य की सत्ता से जुड़े नेता को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिली है।संजय झा ने विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मिले फीडबैक से यह साफ है कि जनता का झुकाव एनडीए की ओर है और गठबंधन मजबूत स्थिति में है।जदयू नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एनडीए का सर्वमान्य नेता बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति के केंद्र में हैं और जनता ने उन्हें बार-बार आशीर्वाद दिया है। उनके अनुसार सरकार का संचालन नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और सहभागिता से ही हो रहा है।

संजय झा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बार-बार बिहार की आर्थिक स्थिति को लेकर भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है और खजाना खाली होने जैसी बातें राजनीति से प्रेरित हैं।उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले के समय में वेतन भुगतान में देरी जैसी समस्याएं थीं, लेकिन अब स्थिति बेहतर है और सरकार विकास कार्यों पर लगातार काम कर रही है।

संजय झा के बयान से यह स्पष्ट है कि जदयू और एनडीए बांकीपुर उपचुनाव को सिर्फ स्थानीय मुकाबला नहीं बल्कि साख की लड़ाई मानकर चल रहे हैं। दूसरी ओर प्रशांत किशोर की एंट्री ने इस चुनाव को त्रिकोणीय और हाई-प्रोफाइल बना दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 30 जुलाई को जनता किसके पक्ष में फैसला सुनाती है अनुभव की राजनीति, सत्ता का समीकरण या फिर नए विकल्प की दस्तक।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह