पटना के बाढ़ में दिनदहाड़े लूटकांड का खुलासा, चार लुटेरे गिरफ्तार; जेवरात, हथियार और कारतूस बरामद
जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले बाढ़ थाना क्षेत्र के बुढनीचक गांव में जयचंद्र चौधरी के घर आठ की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया था।
Bihar News : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार लुटेरों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले बाढ़ थाना क्षेत्र के बुढनीचक गांव में जयचंद्र चौधरी के घर आठ की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में 15 हजार रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूटे जाने की जानकारी दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रिज किशोर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूटकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
रविशंकर की रिपर्ट