राजस्व विभाग का अनोखा कारनामा - 2 लाख घूस लेते पकड़े गए निलंबित सीओ को विभाग ने ड्यूटी ज्वाइन कराया, फिर कर दिया सस्पेंड
बेगूसराय के डंडारी अंचल के तत्कालीन CO राजीव कुमार को 2 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में सरकार ने फिर से निलंबित कर दिया है । जेल से जमानत पर आने के बाद विभाग ने उन्हें पूर्णिया मुख्यालय भेज दिया है और कड़ी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ।
Patna - : बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए बेगूसराय जिले के डंडारी के तत्कालीन अंचल अधिकारी (CO) राजीव कुमार को एक बार फिर निलंबित कर दिया है । राजीव कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 9 सितंबर 2025 को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था । जेल से जमानत पर रिहा होकर विभाग में योगदान देने के बाद, अनुशासनिक प्राधिकार ने उन्हें उनके पद के प्रतिकूल आचरण के लिए पुनः निलंबित करने का आदेश जारी किया है ।
निगरानी के ट्रैप में फंसे थे साहब, भागलपुर जेल की काट चुके हैं हवा
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, राजीव कुमार के विरुद्ध निगरानी थाना कांड सं0-76/2025 दर्ज है । गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा, भागलपुर भेजा गया था । विभाग ने पहले उन्हें 9 सितंबर 2025 की तिथि से निलंबित किया था । हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने 26 नवंबर 2025 को विभाग में योगदान दिया । सरकारी नियमों के तहत उनका योगदान स्वीकार कर एक बार निलंबन मुक्त किया गया, लेकिन घोर कदाचार की श्रेणी में आने वाले उनके कृत्य को देखते हुए उन्हें आदेश की तिथि (30 मार्च 2026) से पुनः निलंबित कर दिया गया है ।
पूर्णिया प्रमंडल मुख्यालय किया गया निर्धारित, मिलेगा सिर्फ जीवन-निर्वाह भत्ता
निलंबन की इस अवधि में राजीव कुमार का मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, पूर्णिया प्रमंडल निर्धारित किया गया है । उन्हें आदेश दिया गया है कि वे वहां नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और उपस्थिति के आधार पर ही उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा । विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि रिश्वतखोरी का यह मामला बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 के पूरी तरह प्रतिकूल है ।
बेगूसराय DM से माँगा गया आरोप पत्र, कार्रवाई तेज
सरकार के उप सचिव संजय कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में समाहर्ता (DM), बेगूसराय से पुनः अनुरोध किया गया है कि वे राजीव कुमार के विरुद्ध विहित प्रपत्र में साक्ष्यों सहित आरोप पत्र (Charge Sheet) गठित कर विभाग को जल्द उपलब्ध कराएं । इससे स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में आरोपी अधिकारी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।