SP Awadhesh Dixit: कौन हैं अवधेश दीक्षित? IIT बॉम्बे से IPS बनने और भोजपुर SP बनने तक का सफर
SP Awadhesh Dixit: भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित कौन हैं? जानिए IIT बॉम्बे से पढ़ाई, 2019 बैच के IPS अधिकारी बनने, काम्या मिश्रा से शादी और बिहार में उनकी पोस्टिंग का पूरा सफर।
SP Awadhesh Dixit: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद भोजपुर पुलिस में बड़ा बदलाव हुआ है। भोजपुर के तत्कालीन एसपी राज को रोहतास भेज दिया गया है। उनकी जगह अब 2019 बैच के IPS अधिकारी अवधेश दीक्षित को भोजपुर का नया एसपी बनाया गया है।
अवधेश दीक्षित को ऐसे समय में भोजपुर की जिम्मेदारी मिली है, जब भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में नए एसपी के सामने पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी।
IIT बॉम्बे से पढ़ाई, फिर UPSC पास कर बने IPS
अवधेश दीक्षित मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं। उन्होंने IIT बॉम्बे से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया और UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। UPSC में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा को चुना। वर्ष 2019 में वह IPS ट्रेनिंग के लिए मसूरी पहुंचे।
मसूरी में हुई काम्या मिश्रा से मुलाकात
IPS ट्रेनिंग के दौरान अवधेश दीक्षित की मुलाकात पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा से हुई। दोनों की दोस्ती बाद में रिश्ते में बदल गई। काम्या मिश्रा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि अवधेश काफी शर्मीले थे और अपने मन की बात कहने में संकोच करते थे। इसके बाद काम्या ने ही उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। दोनों ने 2020 में ट्रेनिंग के दौरान कोर्ट मैरिज की। इसके बाद परिवार को रिश्ते की जानकारी दी और वर्ष 2021 में दोनों ने पारंपरिक तरीके से शादी की।
बिहार में कई जगहों पर किया काम
बिहार कैडर मिलने के बाद अवधेश दीक्षित की शुरुआती पोस्टिंग बेगूसराय में ASP के तौर पर हुई। इसके बाद उन्हें पालीगंज में ASP की जिम्मेदारी मिली। उनके काम करने के तरीके को लेकर स्थानीय स्तर पर उनकी सख्त लेकिन लोगों की समस्याएं सुनने वाले अधिकारी के तौर पर पहचान बनी।
मुजफ्फरपुर में बच्चों के लिए शुरू की पुलिस पाठशाला
मुजफ्फरपुर में ASP रहते हुए अवधेश दीक्षित ने चतुर्भुज स्थान इलाके के बच्चों के लिए पुलिस पाठशाला शुरू की थी। वह खुद बच्चों को पढ़ाने भी जाते थे। इस पहल के जरिए उन्होंने उन बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की कोशिश की, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में शिक्षा का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता था। इसके बाद वह गोपालगंज में भी तैनात रहे और फिर उन्हें लखीसराय का एसपी बनाया गया।
अब भोजपुर में बड़ी चुनौती
भोजपुर के नए एसपी के तौर पर अवधेश दीक्षित के सामने कई चुनौतियां हैं। भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों का भरोसा भी जीतना होगा। खास तौर पर शाहपुर के बिलौटी गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना उनके लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी। अब देखना होगा कि अवधेश दीक्षित भोजपुर में अपनी कार्यशैली और पुलिसिंग के जरिए किस तरह स्थिति को संभालते हैं।