कुख्यात भोला सिंह गिरफ्तार, सीबीआई ने दबोचा, बिहार में दर्जनों मामलों में वांछित

CBI के अनुसार, भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा कई आपराधिक मामलों में भी वांछित रहा है। उसे सूरत से गिरफ्तार किया गया है.

Bhola Singh
Bhola Singh - फोटो : news4nation

Bhola Singh : पटना जिले के पंडारख निवासी कुख्यात भोला सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने फरार चल रहे भोला सिंह को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। करीब 11 साल पुराने कोलकाता अपहरण कांड में वांछित भोला सिंह को 13 अप्रैल को एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत पकड़ा गया। CBI के मुताबिक, 2015 में जांच शुरू होने के बाद से ही वह फरार था और ‘अमित शर्मा’ नाम से फर्जी पहचान बनाकर सूरत में छिपा हुआ था। यह मामला कोलकाता के दो युवकों के अपहरण से जुड़ा है, जो 14 जुलाई 2014 को लापता हो गए थे। बाद में पीड़ितों की माताओं की याचिका पर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने जांच CBI को सौंप दी थी। लंबे इंतजार के बाद एजेंसी को इस मामले में अहम सफलता मिली है।


कई मामलों में वांछित 

CBI के अनुसार, भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा कई आपराधिक मामलों में भी वांछित रहा है। उसके खिलाफ अपहरण, हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने समेत 11 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह मूल रूप से पटना जिले के पंडारख का रहने वाला है और बिहार पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित कर रखा था। इसी मामले में बाढ़ SDPO 1 राम कृष्ण ने बताया कि भोला सिंह की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी की खबर सामने आई है। 


2012 में हुआ था गिरफ्तार 

बताया जाता है कि वर्ष 2012 में शास्त्रीनगर हत्याकांड में उसे आखिरी बार वाराणसी से गिरफ्तार किया गया था। जेल से छूटने के बाद वह फरार हो गया। वर्ष 2022 में पुलिस ने उसके पंडारख स्थित पैतृक घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, भोला सिंह ने पश्चिम बंगाल में अपहरण की साजिश रचने के बाद गुजरात में शरण ली थी और करीब 11 वर्षों तक फर्जी पहचान के सहारे वहां रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर CBI ने उसके ठिकाने पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

रवि शंकर की रिपोर्ट