Bihar Flood News: बिहार में एक साथ इतने स्कूल बंद,बाढ़ से कई जिलों का हाल बेहाल, पटना में गंगा का कहर, सतर्क रहने की चेतावनी
Bihar Flood News: बिहार में गंगा का कहर जारी है। मुंगेर,पटना,बक्सर समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बाढ़ से जनजवीन प्रभावित है। वहीं प्रदेश में 100 से अधिक स्कूल बंद कर दिया गया है।

Bihar Flood News: बिहार के कई जिलों में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मुंगेर, पटना, बक्सर, बेगूसराय और छपरा समेत कई जिलों में गंगा खतरे के निशान को पार कर चुकी है। नदियों के उफान से निचले इलाकों में पानी भर गया है। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूरे बिहार में 100 से अधिक स्कूल बंद कर दिया गया है। बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई पर भी असर हो रहा है।
खतरे के निशान से ऊपर पानी
मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 39.33 मीटर को पार कर 39.34 मीटर पर पहुंच गया है। बरियारपुर रेलवे स्टेशन के पास कृष्णा नगर मोहल्ले में करीब 80 घरों में कमर तक पानी भर गया है। सड़कों पर भी लगभग दो फीट पानी बह रहा है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, जलस्तर में अभी और बढ़ोतरी की आशंका है।
पटना और बेगूसराय में भी गंगा का जलस्तर खतरे के पार
राजधानी पटना के महावीर घाट और भद्र घाट पूरी तरह डूब गए हैं, जिससे इन इलाकों की सर्विस लेन को बंद कर दिया गया है। बेगूसराय में गंगा का जलस्तर आज सुबह 42.940 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो खतरे के निशान 41.760 मीटर से करीब 1.18 मीटर ऊपर है। पानी अब शहर के कमरुद्दीनपुर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में घुसने लगा है। मेयर प्रतिनिधि और पूर्व मेयर संजय कुमार ने टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया।
खगड़िया और वैशाली में स्कूल बंद
खगड़िया जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। कई इलाकों में स्कूल परिसरों में पानी घुस गया है, जिसके चलते 32 स्कूलों को 14 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। वहीं वैशाली के राघोपुर इलाके में 80 स्कूलों में ताला लगा दिया गया है। छपरा में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से जिला का मुख्य सब्जी और कपड़ा बाजार जलमग्न हो गया है। दुकानदार रातभर से अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों के किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। वहीं, निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने 21 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।