बिहार के महाधिवक्ता एसडी संजय का बार काउंसिल में भव्य अभिनंदन, अधिवक्ता समाज ने कहा- नियुक्ति से बढ़ा गौरव

Bihar High Court:बिहार सरकार के नवनियुक्त महाधिवक्ता एसडी संजय का बिहार स्टेट बार काउंसिल में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ...

Bihar Advocate General S D Sanjay Honoured by State Bar Coun
बिहार के महाधिवक्ता एसडी संजय का बार काउंसिल में भव्य अभिनंदन- फोटो : reporter

Bihar High Court:बिहार सरकार के नवनियुक्त महाधिवक्ता एसडी संजय का बिहार स्टेट बार काउंसिल में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अधिवक्ता समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा, बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा और काउंसिल के सदस्यों ने महाधिवक्ता का अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह के दौरान एसडी संजय को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। काउंसिल के सदस्यों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाधिवक्ता एसडी संजय ने कहा कि इस सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज द्वारा दिए गए इस सम्मान से वह अभिभूत हैं और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।

वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता समाज के सभी लोग एसडी संजय की नियुक्ति से काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि महाधिवक्ता का पद राज्य के लिए महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी वाला पद है और महाधिवक्ता बार काउंसिल के पदेन सदस्य भी होते हैं।

बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा ने कहा कि एसडी संजय किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव, कानूनी समझ और योगदान को देखते हुए उनका सम्मान करना पूरे अधिवक्ता समाज के लिए गौरव की बात है।समारोह में मौजूद बार काउंसिल के अन्य सदस्यों ने भी महाधिवक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से राज्य के कानूनी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि एसडी संजय अपने अनुभव और क्षमता से राज्य सरकार को कानूनी मामलों में बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

बता दें कि महाधिवक्ता राज्य सरकार के प्रमुख कानूनी सलाहकार होते हैं और न्यायालयों में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में एसडी संजय के स्वागत समारोह को अधिवक्ता समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा गया।