बिहार विधानसभा में आज ताकत का इम्तिहान, सम्राट चौधरी पेश करेंगे विश्वास मत, आज तय होगी सरकार की साख

Bihar floor test:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में बनी एनडीए सरकार आज को विधानसभा में अपना वोट ऑफ कॉन्फिडेंस पेश करेगी।

Bihar Assembly Test of Strength Samrat
वोट ऑफ कॉन्फिडेंस पर महाटकराव- फोटो : social Media

Bihar floor test: बिहार की सियासत आज एक अहम मोड़ पर खड़ी है, जहां हुकूमत और मुख़ालफत के बीच असली ताकत का इम्तिहान होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में बनी एनडीए सरकार आज 24 अप्रैल को विधानसभा में अपना वोट ऑफ कॉन्फिडेंस पेश करेगी। इस सिलसिले में एक दिन का ख़ास सत्र बुलाया गया है, जिसकी कार्रवाई सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके बाद बहस का दौर चलेगा, जहां हर सियासी दल को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। स्पीकर प्रेम कुमार सबसे पहले सदन को संबोधित करेंगे, फिर सत्ता और विपक्ष के नेता अपने-अपने तर्कों से माहौल को गरमाएंगे।

बता दें कि एनडीए के पास फिलहाल 201 विधायकों का मजबूत समर्थन है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर), हम और आरएलएम शामिल हैं। ऐसे में सरकार के लिए बहुमत हासिल करना महज एक औपचारिकता माना जा रहा है। लेकिन सियासत में कुछ भी मुमकिन है यही वजह है कि विपक्ष भी पूरी तरह चौकन्ना है।

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव इस मौके को सरकार को घेरने के लिए अहम मान रहे हैं। उनके तेवर पहले से ही तल्ख़ हैं और उम्मीद की जा रही है कि वे सदन में सरकार की नीतियों और गठबंधन की मजबूती पर तीखे सवाल दागेंगे।

दरअसल, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब वे कैबिनेट विस्तार से पहले सदन का भरोसा जीतना चाहते हैं, ताकि सियासी तौर पर अपनी पकड़ और मज़बूत कर सकें।

हालांकि, विपक्ष के खेमे में हलचल भी कम नहीं है। राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग ने पहले ही विपक्ष की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव को सेंधमारी’का डर सता रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फ्लोर टेस्ट सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाता है या फिर बिहार की सियासत में कोई नया मोड़ लेकर आता है।